'पवित्र रिश्ता' एक्ट्रेस उषा नाडकर्णी कई दशकों से ग्लैमर वर्ल्ड का हिस्सा हैं. चार साल की उम्र में उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. वो टीवी, बॉलीवुड के अलावा थिएटर में भी काम कर चुकी हैं. 60 के बाद जहां लोग रिटायरमेंट लेने का फैसला लेते हैं. वहीं उषा 80 की उम्र में भी एक्टिव होकर काम कर रही हैं. दिग्गज एक्ट्रेस ने अपने करियर और जर्नी के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि आखिर क्योंकि कई दशकों तक काम करने के बाद भी वो आराम नहीं चाहतीं.
80 की उम्र में क्यों कर रहीं काम
उषा नाडकर्णी ने राजीव खंडेलवाल के टीवी शो 'तुम हो ना' पर कहा, 'मैं चौथी क्लास में तभी एक्टिंग शुरू कर दी थी. आज मैं 80 की हो गई हूं. मैं अभी भी काम कर रही हूं. एक्टिंग मेरा पेशा है. मतलब बचपन से ही मुझे एक्टिंग करने की ख्वाहिश थी. मेरी मां को पसंद नहीं था. वो टीचर थी ना, तो उसको पसंद नहीं था. उसके हिसाब से वो सही थी. क्योंकि हम मिडिल क्लास वाले, आजू-बाजू में लोग होते हैं, वो बोलते ही रहते हैं.
ट्रोलिंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा तो कहना है भाड़ में जाएं लोग. अपने को जो करना है ना वो करना है. वहां जाके हम कुछ गलत नहीं करते. वो देखेंगे और मां-बाप का नाम खराब नहीं होगा, वो देखकर ही चलना चाहिए. 80 की उम्र में ऊषा अकेले रहती हैं. अकेलेपन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उठने के बाद मेरा शूटिंग चालू है ना तो मैं पांच बजे उठती हूं. मेरा डब्बा मैं खुद बनाती हूं. मैं डब्बा घर से लेकर जाती हूं. मतलब भाजी, रोटी, चावल, दाल, छाछ. एक बार आदत लग गई काम की ना. बाकी कुछ नहीं सोचती. घर, काम, घर, काम.
'पवित्र रिश्ता' एक्ट्रेस ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उन्हें अकेले रहने से डर लगता था. वो कहती हैं कि अब आदत बन गई ना. इंसान आदत का गुलाम होता है. आदत लग गई ना तो कुछ नहीं आता है. पहले मैं डरती भी थी. मतलब ऊपर जाते समय चौकीदार को बुला के लेके जाती थी. दरवाजा खोलने तक खड़े रहो. और खोलते खोलते पीछे देखना, जैसे भूत आके मुझे ही पकड़ना वाला है. अब ये आदत हो गई.
उषा नाडकर्णी 40 साल से अकेली रह रही हैं. 'पिंकविला' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि बेटा भी उन्हें मां नहीं मानता, क्योंकि उसे उसकी नानी ने पाला. इसलिए वो अकेली ही रहती हैं.