दिग्गज एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी ने कई फिल्मों और टीवी शोज में परचम लहराया है, लेकिन यह 'बालिका वधू' की 'दादी सा' के किरदार से जानी जाएंगी. नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी का शुक्रवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस को सेलेब्स श्रद्धांजलि देते हुए उनके काम की सराहना कर रहे हैं. टीवी एक्टर, शशांक व्यास ने 'बालिका वधु' में जग्या का किरदार निभाया था. सुरेखा के इस तरह जाने से एक्टर सदमे में हैं. सीकरी को श्रद्धांजलि देते हुए शशांक ने उनके साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा किया है.
शशांक ने दी श्रद्धांजलि
जूम डिजिटल संग बातचीत में शशांक ने कहा, "वह खुद में एक इंस्टिट्यूशन की तरह थीं. वह लेजेंड थीं, एक प्राकृति एक्ट्रेस थीं. लाइफ से भरी हुईं और पॉजिटिव रहने वाली इंसान थीं. उन्होंने अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने का निर्णय लिया था. उनका सेंस ऑफ ह्यूमर भी काबिले-तारीफ था. मैंने शायद जिंदगी में कुछ बहुत अच्छे काम किए होंगे, जिसके बाद मुझे सुरेखा सीकरी जैसी एक्ट्रेस संग काम करने का मौका मिला. मैंने पांच साल में एक्ट्रेस से बहुत कुछ सीखा. हम दोनों ने एक काफी क्लोज बॉन्ड शेयर किया है."
बता दें कि सुरेखा सीकरी ने 75 साल की उम्र में दम तोड़ा. एक्ट्रेस के निधन की खबर उनके मैनेजर ने दी. मीडिया संग उनके मैनेजर ने स्टेटमेंट शेयर किया. दूसरी बार ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद से एक्ट्रेस की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी. वह दिन-प्रतिदिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं.
'हर रोल, हर किरदार, हर सीन में मास्टरपीस सुरेखा सीकरी' इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि
मालूम हो कि सुरेखा सीकरी ने साल 1978 में 'किस्सा कुर्सी का' से डेब्यू किया था. फिल्मों में काम करने के बाद एक्ट्रेस ने कई शानदार शोज भी किए. इसमें 'बालिका वधु', 'परदेस में है मेरा दिल', 'एक कहानी' और 'सात फेरेः सलोनी का सफर' में दमदार किरदार निभाए. एक्ट्रेस तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं. इन्हें आखिरी बार जोया अख्तर की फिल्म 'घोस्ट स्टोरीज' में जाह्नवी कपूर संग देखा गया था.