टीवी शो कसम तेरे प्यार की एक्ट्रेस रेनी ध्यानी मां बनने वाली हैं. रेने ने जुलाई 2024 में बैंकर करण पराशर से शादी की थी. अब वो अपने जिंदगी के नए फेज में एंटर करने वाली हैं.
बिग बॉस 8 का हिस्सा रह चुकीं एक्ट्रेस बेहद खुश हैं. उन्होंने अपने इस नए चैप्टर के बारे में बात की और बताया कि कैसे वो हर दिन अपने अंदर नयापन और बदलाव महसूस कर रही हैं.
रेनी ने कहा- मेरा शरीर बदल रहा है और मेरी जिंदगी भी बदलने वाली है, लेकिन सबसे बड़ा बदलाव मेरे अंदर हो रहा है. मुझे महसूस हो रहा है कि मैं एक नई इंसान बनती जा रही हूं.
रेनी ने बताया कि वो मां बनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. वो कहती हैं- जैसे मैं इसी के लिए बनी हूं. ये सिर्फ एक नई जिंदगी को दुनिया में लाने की बात नहीं है, बल्कि मेरे अंदर भी एक नए रूप का जन्म हो रहा है.
रेनी ने बताया कि प्रेग्नेंसी पर पति करण का पहला रिएक्शन कैसा था. वो बोलीं- जिस पल मैंने उन्हें ये खबर दी, ऐसा लगा जैसे समय थम गया हो. पहले वो मुझे देखते रहे, जैसे यकीन करने की कोशिश कर रहे हों कि ये सच है.
पति के चेहरे पर ऐसी मुस्कान आई, जो मैंने पहले कभी नहीं देखी थी. उसमें हैरानी, खुशी और एक गहरा एहसास था. तभी उन्हें महसूस हुआ कि हम माता-पिता बनने वाले हैं. अब सब कुछ बदलने वाला है.
मुश्किल दिनों को याद कर रेनी बोलीं कि ये सफर कभी आसान तो कभी थकाने वाला रहा है. अब समय बदल गया है और अब लोग अपने करियर और सही समय पर ज्यादा ध्यान देते हैं. इसलिए 30 की उम्र के आखिर में बच्चे होना अब काफी आम बात हो गई है.
एक्ट्रेस शादी के बाद दुबई में सेटल हो गई हैं. लेकिन उनका मन है कि वो एक्टिंग में वापसी करें. रेनी कहती हैं- शादी के बाद मैं दुबई शिफ्ट हो गई, लेकिन मुंबई हमेशा मेरे लिए खास रहेगा, क्योंकि वहीं से मेरे टीवी और कंटेंट की दुनिया का सफर शुरू हुआ था.
अपने कमबैक की इच्छा जाहिर करते हुए वो बोलीं- मैं कहीं भी चली जाऊं, मेरा एक हिस्सा हमेशा मुंबई से जुड़ा रहेगा. एक्टिंग हमेशा मेरी जिंदगी का हिस्सा रहेगी, इसलिए सही समय आने पर मैं जरूर वापसी करना चाहूंगी.