रीम शेख टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. छोटी उम्र में ही उन्होंने अपना बड़ा नाम बना लिया है. मगर पर्सनल लाइफ में उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं.
रीम ने अब शार्दुल पंडित संग बातचीत में अपनी लव और प्रोफेशनल लाइफ पर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि वो अपने घर में ही तलाक देख चुकी हैं. फिर भी प्यार से उनका विश्वास नहीं उठा है. रीम के मम्मी-पापा अलग हो गए हैं. इसका उनपर गहरा असर हुआ है.
प्यार के बारे में बात करते हुए रीम बोलीं- मैंने अपने आसपास लोगों को ब्रेकअप्स और टूटे रिश्तों के दर्द को झेलते देखा है. प्यार पर यकीन न करने की मेरे पास बहुत सी वजहे हैं, लेकिन पता नहीं क्यों, मैं प्यार पर भरोसा करने से खुद को रोक नहीं पाती. मुझे ऐसा लगता है कि अगर प्यार है तो सब कुछ है और अगर नहीं है, तो कुछ भी नहीं.
रीम बोलीं- ईश्वर से जुड़ने के लिए भी आपको प्यार की जरूरत होती है. अगर प्यार नहीं होगा, तो आप न तो ईश्वर के साथ और न ही अपने आसपास के लोगों के साथ कोई रिश्ता बना पाएंगे.
रीम शेख मुस्लिम हैं. ऐसे में उनसे दूसरे धर्म के लड़के से प्यार और शादी को लेकर भी सवाल किया गया. रीम ने कहा कि वो पांच वक्त की नमाज पढ़ती हैं. वो एक इंटरफेथ रिश्ता नहीं चला सकती हैं.
इसके पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा- मैं दिन में पांच बार नमाज पढ़ती हूं. हाल ही में मैंने रमजान के दौरान पूरे रोजे रखना भी शुरू किया है.
'जब भी मेरी जिंदगी में कुछ गलत होता है, तो सबसे पहले मैं ईश्वर की ओर मुड़ती हूं. मैं अपनी जानमाज पर बैठ जाती हूं और दुआ करने लगती हूं. इसलिए, मेरे लिए इंटरफेथ रिलेशनशिप चलाना मुश्किल है. मुझे नहीं लगता कि मैं यह कर पाऊंगी, क्योंकि मेरी आस्था मेरी जिंदगी का बड़ा हिस्सा है. इसके लिए मुझे गालियां पड़ सकती हैं.'
रीम ने प्रोफेशन लाइफ पर भी बात की. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में आज भी मेल एक्टर्स की ज्यादा चलती है. रीम ने कहा कि वो पिछले 15 सालों से काम कर रही हैं और पिछले 8 साल से लीड हीरोइन के तौर पर भी रोल कर रही हैं. पर कहीं न कही मेल-डोमिनेटेड चीजें आ ही जाती हैं. रीम ने कहा कि सेट पर कई बार उनके साथ खराब बर्ताव हुआ है.