राहुल महाजन की निजी जिंदगी हमेशा से सुर्खियों में रही है. बिग बॉस फेम राहुल महाजन ने तीन बार शादी की, लेकिन तीनों रिश्ते तलाक पर खत्म हुए. उनकी पहली दो पत्नियों ने उन पर घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए, जबकि तीसरी शादी के टूटने की वजह सामने नहीं आई.
अब राहुल महाजन ने अपने तलाक पर बात की है. शुभोजित घोष के पॉडकास्ट में राहुल महाजन ने शादीशुदा जिंदगी में हुई गलतियों पर खुलकर बात की.
राहुल ने टूटी शादियों पर कहा- मेरी शादी जब भी हुई 2-3 के अंदर हुई. यही उसकी गलती रही है. अगर मैंने वहां 6-6 महीने लिए होते, तो मेरा पार्टनर वहां दूसरा होता. या तो मैं और मैच्योर डिसीजन लेता. या फैसला थोड़ी देरी से लेता.
राहुल महाजन ने कहा कि चूंकि स्वयंवर शो एक-दो महीने का था. इसलिए मैंने शादी कर ली. इससे सीखते हैं कि शादी में इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए.
उन्होंने कहा- ऐसा नहीं था कि मेरी कुंडली खराब थी. मैंने एक्साइटमेंट में बहुत जल्दी शादी कर ली. मेरी तीनों शादियां बहुत जल्दी में हुई. सब दो-महीने के अंदर हुई.
राहुल ने कहा कि शादी में मैंने कभी 6 महीने या साल नहीं लिया. मेरी शादी हुई. पूरी दुनिया ने इसे लाइव देखा. श्वेता और डिंपी के साथ शादी हुई, दुनियाभर के करोड़ों लोगों ने देखा.
राहुल ने कहा कि मैंने अपने कर्म किए. कृष्णा ने कहा कि कर्म करो, फल की चिंता मत करो. फल मेरे हाथ में नहीं है. बता दें कि राहुल महाजन की पहली शादी साल 2006 में श्वेता सिंह से हुई थी. रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चला और श्वेता ने राहुल पर मारपीट व घरेलू हिंसा का आरोप लगाया.मामला अदालत तक पहुंचा और 2008 में दोनों का तलाक हो गया.
तलाक के बाद राहुल ने 2010 में रियलिटी शो ‘राहुल दुल्हनिया ले जाएगा’ के जरिए डिंपी गांगुली से शादी की. टीवी पर हुई इस शादी को काफी चर्चा मिली, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद डिंपी ने राहुल पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए. इसके बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और 2015 में उनका तलाक हो गया.
राहुल की तीसरी शादी 2018 में कजाकिस्तानी मॉडल नताल्या इलीना से हुई. उनकी तीसरी शादी भी लगभग चार साल चली और दोनों ने तलाक के लिए अर्जी दे दी. हालांकि, उन्होंने कभी तीसरी शादी टूटने की वजह नहीं बताई. तीन शादियां टूटने के बाद राहुल को प्यार और शादी से डर लगने लगा है.
All Photos: Social Media