एक्टर सलमान खान और सिंगर अरिजीत सिंह के बीच आपसी विवाद काफी पुराना है. इस विवाद की वजह से अरिजीत को सलमान की कई फिल्मों में गाने का मौका मिलने के बावजूद गंवाना पड़ा. लेकिन हाथ से गए इन मौकों को अरिजीत ने हाल ही में अपने कंसर्ट में पूरा किया.
दरअसल अरिजीत ने सलमान के हिट नंबर 'दिल दियां गल्लां' को स्टेज परफॉमेंस के दौरान गाया. खबरों के मुताबिक इस गाने को अरिजीत फिल्म में गाने वाले थे, लेकिन दबंग खान की नाराजगी के चलते उनके हाथ से ये मौका चला गया. ऐसे में इस खूबसूरत गाने को अरिजीत ने स्टेज पर गाया, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया. सिंगर की आवाज में इस हिट गाने का वीडियो इन दिनों सोशलमीडिया पर वायरल हो गया है.
बता दें इन दिनों अरिजीत सिंगिंग टूर पर निकले हैं, उन्होंने अपने कई सुपरहिट नंबर फैंस को सुनाए. वहीं उन गानों को गाने का अरमान भी पूरा किया जो उनके हाथ से किसी वजह से निकल गए थे. फिल्म टाइगर जिंदा है के ओरिजनल नंबर दिल दियां गल्लां को फिल्म में पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने गाया है.
This happened in 2014. Reason why Arijit Singh had to apologize. Looks like Salman can't take a joke & never forgets
— Aditya (@forwardshortleg)
सलमान और अरिजीत के बीच विवाद साल 2014 में गिल्ड अवॉर्ड्स के दौरान शुरु हुआ था. अवॉर्ड शो के दौरान आशिकी 2 फिल्म के गाने तुम ही हो के लिए बेस्ट प्लेबैक सिंगर अवॉर्ड के तौर पर अरिजीत को चुना गया. इस अवॉर्ड को देने के लिए मंच पर सलमान खान और रितेश देशमुख मौजूद थे जो कि शो को होस्ट भी कर रहे थे. अरिजीत ने सलमान से कहा कि आप लोगों ने सुला दिया यार, इस पर सलमान ने तुम ही गाने की धुन गाते हुए कहा कि अगर तुम ऐसे ही गाने गाओगे तो नींद ही आएगी.
सलमान ने अरिजीत की बात का जवाब मजाकिया अंदाज में दिया लेकिन शायद मन ही मन में एक्टर के दिल में अरिजीत का ये एटीट्यूड घर कर गया. इस वाकये के बाद फिल्म सुल्तान में जब सलमान द्वारा अरिजीत के गाने को हटाए जाने की खबरें चर्चा में रहीं तब अरिजीत ने फेसबुक पर एक लंबा पोस्ट लिखकर खुद को भाईजान का फैन बताते हुए उनसे माफी मांगनी चाही लेकिन सलमान का इस पर कोई जवाब नहीं अाया. सुल्तान सलमान खान की ये नाराजगी अब तक दूर नहीं हुई है.