इस साल अमिताभ बच्चन न तो अपना जन्मदिन मनाएंगे, न ही दीवाली का त्योहार. शनिवार को उन्होंने ट्विटर पर ये जानकारी दी. हाल ही में ट्विटर पर अमिताभ के 30 मिलियन फॉलोअर्स पूरे हुए हैं. उन्होंने एक तरफ इसके लिए अपने फैंस को शुक्रिया कहा, तो वहीं ट्विट में ये भी लिख दिया कि इस साल वो जन्मदिन और दीवाली का सेलिब्रेशन नहीं करेंगे.
ऐसा करने के पीछे उन्होंने कोई खास कारण नहीं बताया है. इतना जरूर है कि इस साल मार्च में उनकी बहू ऐश्वर्या राय बच्चन के पिता कृष्णाराज राय का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. हो सकता है कि इसी वजह से वह किसी भी तरह के सेलिब्रेशन से दूर रहना चाहते हों.T 2571 - .... and just for your information .. no Diwali celebration this year !!
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan)

उन्होंने अपने ब्लॉग में भी करवाचौथ के बारे में लिखते हुए आखिरी पैराग्राफ में जन्मदिन सेलिब्रेट न करने की बात कही है. उन्होंने लिखा है कि 75 वें जन्मदिन के अवसर पर कोई सेलिब्रेशन नहीं होगा न ही मैं इस दिन शहर में रहूंगा. बता दें कि हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन का 11 अक्टूबर को जन्मदिन है. वह इस साल 75 वर्ष पूरे करेंगे.
वैसे इन दिनों अमिताभ अपने क्विज शो केबीसी को लेकर भी काफी चर्चा में है. काफी कम समय में ही इस शो ने टीवी के दूसरे शोज को टीआरपी की दौड़ में पीछे छोड़ दिया है. सोमवार से शुक्रवार हर रात नौ बजे आने वाले इस शो में हर दिन अमिताभ की जिंदगी से जुड़े नये-नये दिलचस्प किस्से सामने आते रहते हैं. देखना होगा कि शो के सेट पर बिग बी का बर्थडे सेलिब्रेश होता है या नहीं!
शो के अलावा अमितभा जल्द ही '102 नॉट आउट' नाम की फिल्म में भी नजर आएंगे. फिल्म को ओह माई गॉड के निर्देशक उमेश शुक्ला ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में अमिताभ के अलावा ऋषि कपूर भी होंगे. ऋषि कपूर उनके बेटे के रोल में दिखेंगे. ये फिल्म सौम्या जोशी के इसी नाम से लिखे गए गुजराती नाटक पर आधारित है.
फिल्म में एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जो दुनिया का सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति होने का रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहता है. फिल्म में ये रिकॉर्ड चीन के एक व्यक्ति के नाम दिखाया गया है. संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है. बताया जाता है ऋषि कपूर और अमिताभ बच्चन पूरे 26 साल बाद इस फिल्म में साथ नजर आएंगे. इससे पहले इनकी जोड़ी फिल्म अमर अकबर एंथॉनी में नजर आई थी.