अभिनेत्री आलिया भट्ट आने वाली फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान काफी अलग मूड में नजर आईं. दरअसल ट्रेलर लॉन्च के दौरान जब उनसे पूछा गया कि आजकल वो बड़े ही बोल्ड स्टेटमेंट देती हैं तो इसका जवाब देते हुए आलिया ने कहा, 'जब जवाब ना दो तो आप बोलते हो कि जवाब नहीं देती और जब जवाब दे रही हूं, तो आप कहते हैं कि बोल्ड स्टेटमेंट दे रही हूं.'
जब किसी ने आलिया से पूछा की फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' के ट्रेलर में उन्हें काफी बुद्धिमान दिखाया गया है तो इसका जवाब देते हुए आलिया ने कहा, 'आपको बड़े शॉक लग रहे हैं कि मैं फिल्म में इंटेलिजेंट दिखाई गई हूं. हां मेरा किरदार फिल्म में कुछ ऐसा ही है.'
एक बार फिर से दुल्हन के किरदार में दिखाई देने की बात पर आलिया ने कहा, 'हां हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और 2 स्टेट्स के बाद यह तीसरी फिल्म है, जहां मैं दुल्हन बन रही हूं. यह रोल काफी अच्छा था और मुझे पसंद आया.'
शशांक खेतान के निर्देशन में आलिया भट्ट और वरुण धवन स्टारर फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया 10 मार्च 2017 को रिलीज होगी.