scorecardresearch
 

राजनीति में तूफान लेकिन सेट पर शांत, जब तृषा ने खोले थे होने वाले सीएम विजय के राज!

थलपति विजय की राजनीति में ऐतिहासिक जीत के बीच तृषा कृष्णन का पुराना इंटरव्यू फिर चर्चा में है. तृषा ने बताया कि विजय सेट पर बेहद शांत रहते थे, घंटों अकेले बैठकर अगले सीन के बारे में सोचते रहते थे और उन्होंने कभी उन्हें गुस्सा करते नहीं देखा.

Advertisement
X
विजय की चुप्पी के पीछे था ये राज, तृषा कृष्णन ने किया खुलासा (Photo: ITG)
विजय की चुप्पी के पीछे था ये राज, तृषा कृष्णन ने किया खुलासा (Photo: ITG)

थलपति विजय का एक रूप वो है, जिसे तमिलनाडु ने सोमवार को देखा, जब उन्होंने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया. लेकिन एक दूसरा रूप भी है, जिसके बारे में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन सालों से इंटरव्यू में बात करती रही हैं. वो विजय, जो फिल्म सेट पर आते हैं, किसी कोने में जाकर चुपचाप बैठ जाते हैं, दीवार की तरफ देखते रहते हैं और बहुत कम लोगों से बात करते हैं.

तृषा कृष्णन ने खोले थलपति विजय के सीक्रेट्स

विजय और तृषा ने चैट शो कॉफी विद अनू में साथ हिस्सा लिया था. उस समय दोनों तमिल सिनेमा की सबसे हिट ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक थे. उनकी जोड़ी ने 2004 में आई घिल्ली से लगातार कई हिट फिल्में दी थीं.

शूटिंग के माहौल के बारे में बात करते हुए तृषा ने बताया कि आमतौर पर कलाकार और क्रू के लोग शूटिंग के बीच खाली समय में साथ बैठते, बातें करते और समय बिताते थे. लेकिन विजय ऐसा नहीं करते थे. तृषा ने कहा- वो सेट पर किसी कोने में जाकर बैठ जाते थे, दीवार की तरफ मुंह करके घंटों वहीं रहते थे. वो हमेशा शांत रहते थे और ज्यादा बात नहीं करते थे.

वहीं शो में उनके साथ बैठे विजय ने इसका जवाब भी दिया. उन्होंने कहा कि वो सिर्फ यूं ही कोने में नहीं बैठे रहते थे, बल्कि अगले सीन के बारे में सोचते रहते थे.

Advertisement

‘मैंने उन्हें कभी गुस्सा करते नहीं देखा’

एक पुराने इंटरव्यू में, जो उन्होंने बिहाइंडवुड्स को दिया था, तृषा ने विजय के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने विजय को शानदार इंसान बताया और उनकी साथ की फिल्मों घिल्ली, थिरुपाची, आथी और कुरुवी का जिक्र किया.

तृषा ने कहा- जब हमने ‘घिल्ली’ शुरू की थी, तब मेरी उनसे ज्यादा बातचीत नहीं होती थी. क्योंकि हर कोई जानता है कि विजय बहुत शांत और रिजर्व स्वभाव के हैं. वो सेट पर आते हैं, अपना काम करते हैं और बस. लेकिन ‘घिल्ली’ की टीम की वजह से हम अच्छे दोस्त बन गए.

तृषा ने आगे कहा- विजय हमेशा मेरे लिए खास रहेंगे, क्योंकि उनके साथ मैंने अपने करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्में दी हैं. मैंने उन्हें कभी गुस्सा करते, अपना आपा खोते नहीं देखा. वो सेट पर बेहद प्रोफेशनल रहते हैं, अपना काम पूरी ईमानदारी से करते हैं. वो उन लोगों में से हैं, जिन्हें आप हमेशा प्यार से याद करते हैं. वो मेरे लिए हमेशा खास रहेंगे.

विजय संग सालों का साथ

जब थलपति विजय और तृषा कृष्णन ने 15 साल बाद 2023 की फिल्म लियो में फिर साथ काम किया, तब भी तृषा की राय उनके बारे में नहीं बदली थी. लियो के सक्सेस इवेंट में तृषा ने कहा-उनके साथ फिर काम करना ऐसा था जैसे किसी स्कूल फ्रेंड से दोबारा मिलना. वही अपनापन, प्यार और दोस्ती महसूस हुई. मेरे 20 साल के करियर में किसी को-स्टार के साथ सबसे लंबा सफर विजय के साथ रहा है. लोग कहते हैं कि घर कोई जगह नहीं, बल्कि एक इंसान होता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement