आरजे महवश और क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के बीच की अनबन हेडलाइन बनी हुई है. एक समय पर दोनों अच्छे दोस्त हुआ करते थे. क्रिकेट का मैदान हो या कोई होटल दोनों को हर जगह साथ देखा जाता था. महवश और चहल को लेकर ये भी कहा गया कि ये रिश्ते में हैं. लेकिन अब इनके बीच अनबन की खबर आ रही है. दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है. अब महवश ने कुछ ऐसा कहा, जिससे साफ हो गया है कि वो और चहल साथ नहीं हैं.
महवश का बयान वायरल
हाल ही में आरजे महवश को मुंबई में स्पॉट किया है. उन्हें देखते ही पैपराजी उनके पास पहुंचे और सवाल-जवाब शुरू कर दिया. पैपराजी ने महवश से पूछा गया कि आपका फेवरेट क्रिकेटर कौन है. इस पर हंसते हुए उन्होंने कहा कि हां और कुछ? तू बना दे कंट्रोवर्सी. बताती हूं मैं.
महवश के वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा कि कुछ तो बोल देतीं. अन्य ने लिखा कि ये खुद को सेलिब्रिटी समझ रही हैं. कई लोगों ने लिखा कि सेंस ऑफ ह्यूमर अच्छा है. कुछ ने पूछा कि चहल को क्यों छोड़ दिया.
उसी इंटरव्यू में महवश ने बताया कि वो इंडिया-इंग्लैंड T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल नहीं देख पाएंगी, क्योंकि वो अभी भोपाल में शूटिंग कर रही हैं. उन्होंने टीम इंडिया की हालिया परफॉर्मेंस की तारीफ की और वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में संजु सैमसन के कमाल को सराहा.
चहल संग जुड़ा था नाम
युजवेंद्र चहल ने दिसंबर 2020 से कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा से शादी की थी, लेकिन अगस्त 2025 में दोनों तलाक लेकर अलग हो गए. तलाक के बाद चहल डिप्रेशन में थे. चहल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मुश्किल वक्त में महवश दोस्त बनकर उनके साथ खड़ी रहीं और उन्हें इससे बाहर निकाला. लेकिन दुनिया ने उनकी दोस्ती को डेटिंग का नाम दिया.
महवश ने चहल के सपोर्ट में कई वीडियोज और पोस्ट भी शेयर की थीं. लेकिन अब इनकी दोस्ती भी टूट चुकी है. महवश और चहल का रिश्ता क्यों टूटा इस पर अब तक दोनों में से किसी ने भी रिएक्ट नहीं किया है.