रितेश देशमुख की नई फिल्म राजा शिवाजी इतिहास रचने के लिए तैयार है. शुक्रवार, 1 मई को हिंदी और मराठी में रिलीज होने जा रही राजा शिवाजी मराठी सिनेमा के इतिहास में नया चैप्टर शुरू करने जा रही है. ये मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस ओपनिंग करने के लिए तैयार है.
रितेश और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख का प्रोडक्शन हाउस, मुंबई फिल्म कंपनी मराठी में तीन फिल्में बना चुका है. राजा शिवाजी इस कंपनी की चौथी फिल्म है. फिल्म में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं. बीजापुर के सुल्तान अफजल खान के रोल में उनके सामने संजय दत्त हैं. राजा शिवाजी में अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, फरदीन खान और बोमन ईरानी जैसे नामी बॉलीवुड एक्टर्स सपोर्टिंग रोल में हैं. जबकि सलमान खान इसमें कैमियो करने वाले हैं.
पैन इंडिया फिल्म की तरह प्लान की गई राजा शिवाजी हिंदी और मराठी में रिलीज के लिए तैयार है. 100 करोड़ के बजट में बनी राजा शिवाजी को सबसे महंगी मराठी फिल्म बताया जा रहा है. लेकिन इसकी एडवांस बता रही है कि ये न सिर्फ बजट रिकवर करने वाली है, बल्कि मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी हिट बनने की तैयारी में है.
राजा शिवाजी की एडवांस बुकिंग
सैकनिल्क की रिपोर्ट बता रही है कि गुरुवार दोपहर तक राजा शिवाजी के लिए करीब 99 हजार टिकट एडवांस में बुक हो चुके हैं. इस बुकिंग से राजा शिवाजी ने एडवांस में ही 2.5 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. ब्लॉक सीट्स के साथ ये आंकड़ा 4 करोड़ के बहुत करीब है.
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर राजा शिवाजी के लिए करीब 4 हजार टिकट हर घंटे बुक होते नजर आ रहे हैं. इस रफ्तार से ये साफ है कि रात होने तक फिल्म के लिए एडवांस में बुक हुए टिकटों का आंकड़ा एक लाख से काफी आगे होगा. और राजा शिवाजी का एडवांस बुकिंग ग्रॉस, बिना ब्लॉक सीट्स के ही 3 करोड़ हो चुका होगा.
मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग
राजा शिवाजी की एडवांस बुकिंग से अनुमान लगाया जा सकता है कि इसकी ओपनिंग 8 करोड़ के आसपास तो बड़े आराम से जा सकती है. इससे पहले किसी भी मराठी फिल्म ने 5 करोड़ नेट ओपनिंग भी नहीं की है. सैराट और टाइमपास 2, 3.60 करोड़ के साथ अभी तक सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली मराठी फिल्में हैं.
राजा शिवाजी अगर अनुमान से थोड़ी कमजोर ओपनिंग भी लाएगी, तब भी ये मराठी इंडस्ट्री में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बना लेगी. लेकिन अगर जनता का वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव रहा और दर्शकों में मराठा इतिहास से जुड़ी पीरियड-ड्रामा देखने की फीलिंग ने जोर मारा, तो राजा शिवाजी 10 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर सकती है. अब देखना है कि मई की शुरुआत, मराठी सिनेमा के लिए ये लैंडमार्क लेकर आती है या नहीं.