सिंघम फेम एक्टर प्रकाश राज एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने एक बार फिर चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के खिलाफ आवाज उठाई है. प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए लोगों से 7 नवंबर को कोच्चि के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में छात्र, युवा, सिविल सोसाइटी और अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधि एक साथ आकर SIR के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे. 7 नवंबर को ही देशभर में छोटी दिवाली मनाई जाएगी.
क्या बोले प्रकाश राज?
प्रकाश राज ने वीडियो में कहा, “कल 7 तारीख को कोच्चि के जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रदर्शन है. कृपया इसमें शामिल हों. छात्र, युवा, सिविल सोसाइटी और अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधि एक साथ आ रहे हैं. हम इस कठोर SIR प्रक्रिया के खिलाफ आवाज उठाएंगे और अपने लोकतंत्र को बचाने की कोशिश करेंगे. मैं भी वहां रहूंगा. आप भी आइए और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध का हिस्सा बनिए. सरकार और चुनाव आयोग को बताइए कि हम लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
BJP नेता KVS Haridas ने प्रकाश राज पर साधा निशाना
वहीं, प्रकाश राज की इस अपील पर BJP प्रवक्ता KVS Haridas ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. CJP के ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हाल ही में CJP नेताओं की फंडिंग से जुड़ी जानकारी सामने रखी थी. हरिदास ने आरोप लगाया कि एक नेता को अमेरिका में मौजूद भारत-विरोधी ताकतों से फंडिंग मिली, जबकि दूसरे को पाकिस्तान के नेताओं से कथित तौर पर पैसा मिला.
KVS Haridas ने सवाल उठाया कि क्या केरल सरकार को ऐसे लोगों का समर्थन करना चाहिए और क्या पुलिस को उन्हें राज्य में अराजकता फैलाने की अनुमति देनी चाहिए. उन्होंने केरल पुलिस और राज्य सरकार से प्रकाश राज को केरल में प्रवेश करने से रोकने की अपील भी की. साथ ही, इस मामले में UAPA के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की.
एक तरफ प्रकाश राज SIR के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ BJP नेता के बयान ने इस मुद्दे को और गरमा दिया है. अब देखना होगा कि 7 नवंबर को होने वाले प्रदर्शन के दौरान यह सियासी टकराव किस मोड़ पर पहुंचता है.