पंजाब मुस्लिम लीफ (एन) यानी पीएमएल-एन के एमपीए साकिब चधार और टीवी एक्ट्रेस मोमिना इकबाल गुरुवार, 21 मई को नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनसीसीआईए) के सामने पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया. एक्ट्रेस ने रूलिंग पार्टी के विधायक पर ऑनलाइन हैरेसमेंट का आरोप लगाया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.
एक अधिकारी ने पाकिस्तानी अखबार डॉन को बताया, 'दोनों विधायक और एक्ट्रेस अपने वकीलों के साथ एनसीसीआईए लाहौर कार्यालय में काफी समय तक रहे और जांच अधिकारियों की टीम के सामने अपना बयान दर्ज कराया.' उन्होंने कहा कि एक्ट्रेस मोमिना ने चिनिओट से पीएमएल-एन के विधायक पर गंभीर उत्पीड़न और मौत की धमकी देने का आरोप लगाया था, जबकि विधायक ने दावा किया कि वे दोनों लंबे समय से दोस्त थे और यह उत्पीड़न का मामला नहीं है.
एक सूत्र ने डौन को बताया कि मोमिना की सोशल मीडिया अपील वायरल होने के बाद एनसीसीआईए ने तुरंत कार्रवाई की, जिसने खास तौर से मुख्यमंत्री मरियम नवाज समेत पीएमएल-एन के सीनियर लीडर्स का ध्यान खींचा. 21 मई को पंजाब पुलिस ने मोमिना को सुरक्षा भी दी. इसकी पुष्टि उनकी बहन ने की.
मोमिना ने किए थे बड़े दावे
अपनी ऑनलाइन पोस्ट में मोमिना ने आरोप लगाया था कि उन्हें लंबे समय से 'ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबरबुलिंग और मौत की धमकियों' का सामना करना पड़ा है. इसमें पीएमएल-एन लीडर को टैग भी किया गया था. उन्होंने दावा किया, 'पीएमएल-एन से जुड़ा एक प्रांतीय विधायक लंबे समय से मुझे धमकियां दे रहा है. न्याय सुनिश्चित करने या निष्पक्ष जांच के बजाय मेरी शिकायतों को दबाने की कोशिश की गई. मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कुछ लोगों ने भी मेरी हिम्मत तोड़ने का काम किया गया और मुद्दे को दबाने की कोशिश की.'
21 मई को मोमिना की बहन एडवोकेट रिमशा इकबाल, जो उनके केस लड़ रही हैं, ने पत्रकारों से कहा कि मोमिना के अगले महीने होने वाले निकाह में भी बाधाएं डाली जा रही हैं और उनके होने वाले पति को भी धमकियां दी गई हैं. उन्होंने कहा, 'हमारे पास मोमिना के एमपीए के खिलाफ आरोपों का सबूत है और हमने उसे एनसीसीआईए को सौंप दिया है.' साथ ही रिमशा ने उम्मीद जताई कि उनकी बहन को न्याय मिलेगा.
सकीब चधार ने झुठलाए इल्जाम
दूसरी ओर, एमपीए चधार के वकील मियां अशफाक ने पत्रकारों से कहा कि उनका मुवक्किल और मोमिना 2020-21 से दोस्त थे. उन्होंने कहा, 'दोनों शादी करने के करीब भी आए थे, लेकिन नहीं हो सकी. पिछले पांच सालों में मिस्टर चधार ने मोमिना को सामाजिक, प्रशासनिक और वित्तीय रूप से बहुत बड़ा सहयोग दिया. हम इस सारी मदद का लेखा-जोखा एनसीसीआईए को देंगे.' उन्होंने आगे जोड़ा कि जिस शख्स के साथ इतने लंबे समय तक रिश्ता रहा, उसके द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों का कोई मतलब नहीं बनता.
साकिब चधार एक इलेक्टेबल हैं. उन्होंने 2024 के पिछले चुनावों में पीपी-97, चिनिओट सीट पर पीएमएल-एन और पीटीआई समर्थित दोनों उम्मीदवारों को हराया था. जीतने के बाद वे पीएमएल-एन में शामिल हो गए.