स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर रौला मचा रखा है. मूवी ने कमाई का पहाड़ खड़ा कर लिया है. पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में इस फिल्म की जबरदस्त चर्चा है. वो बात अलग है वहां की आवाम आदित्य धर की फिल्म के खिलाफ बोल रही है. उनका दावा है ये मूवी पाकिस्तानी शख्सियतों को लेकर गलत दावा करती है. इस फेहरिस्त में जाने माने एक्टर एहसान मोहसिन इकराम का नाम भी शामिल हो गया है.
धुरंधर 2 के खिलाफ ये पाकिस्तानी एक्टर
उन्होंने पाकिस्तान की आवाम से धुरंधर 2 को बायकॉट करने की मांग की है. उनके मुताबिक, आदित्य ने फिल्म धुरंधर 2 में कराची के ल्यारी को आतंकियों का गढ़ दिखाया है, जो कि सरासर गलत है. उन्होंने धुरंधर को बेहद घटिया, इंडियन प्रोपेगेंडा और कूड़ा मूवी बताया है. एहसान का कहना है कि आदित्य धर की ये फिल्म राष्ट्रवादी और पाकिस्तान-विरोधी छवि पेश करती है. उन्होंने पाकिस्तान की सरकार से अपील कर कहा कि वो अपनी कूटनीतिक ताकत का इस्तेमाल कर सहयोगी देशों में ये फिल्म बैन करवाएं.
एहसान ने धुरंधर 2 को सपोर्ट करने वाले बड़े स्टार्स पर भी निशाना साधा है. वो कहते हैं- जिस तरह से बॉलीवुड के टॉप एक्टर्स ने इस फिल्म को सपोर्ट किया है वो पूरी तरह शर्मनाक है. ये पाकिस्तान के खिलाफ उनकी नफरत को बयां करता है. उन्होंने धार्मिक पहलू को भी सामने रखा. एक्टर का दावा है कि इस्लाम के लिए भी इंडियंस के दिलों में वैसी ही नफरत मौजूद है.
वो कहते हैं- 'धुरंधर' का टिकट खरीदना एक पाकिस्तानी के लिए क्राइम है. इस घटिया प्रोपेगेंडा को और ज्यादा पैसा और समर्थन देना एक जुर्म होगा. उन्होंने पाकिस्तानी फिल्म दर्शकों से कहा कि वो ये फिल्म देखने में अपना समय बर्बाद ना करें. इसके बजाय उन लोगों को सपोर्ट करें जो पाकिस्तान की इज्जत करते हैं, उनके धर्म का सम्मान करते हैं.
आदित्य धर की मल्टीस्टारर मूवी के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो इसका नेट इंडिया कलेक्शन 872 करोड़ जा पहुंचा है. वहीं वर्ल्डवाइड ये फिल्म 1400 करोड़ के पार पहुंच चुकी है. धुरंधर 2 का अगला टारगेट 2000 करोड़ का माइलस्टोन पार करना है. जिस तरह से मूवी कमा रही है, लगता है ये आकंड़ा भी पार कर जाएगी.