जरूरी बात कहनी हो कोई... हमेशा देर कर देता हूं मैं.
मुझे आदत है अच्छी चीजों का इंतजार करने और फिर जब वो होने लगें तो उन्हें साइड में रखकर जिंदगी में चल रही दूसरी चीजों पर फोकस करने की. अच्छी चीजों से मेरा मतलब नए शो और फिल्मों से हैं. मेरे इंस्टाग्राम एडिक्शन के चलते मुझे रोज किसी नए शो या फिल्म के बारे में पता चलता रहता है और मैं गिलहरी की तरह उन्हें अपने नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियो हॉटस्टार की विशलिस्ट में इकट्ठा करके रखती रहती हूं. ये सोचकर कि वक्त निकालकर इन्हें देखूंगी. ऐसे ही एक शो के बारे में कुछ वक्त पहले पता चला और मैंने उसे अपनी लिस्ट में डालकर किसी खास दिन के लिए बचा लिया. जो बात मैंने नहीं सोची थी वो ये थी कि ये शो इतना कमाल होगा कि इसके बारे में सोचना बंद ही नहीं कर पाऊंगी. मेरी मां की बदौलत मैंने इसे देखा लिया. उन्हें हिंदी में कोई के-ड्रामा देखना था.
मैं बात कर रही हूं नेटफ्लिक्स के 2026 के सबसे बढ़िया रोमांटिक-कॉमेडी शोज में से एक 'कैन दिस लव बी ट्रांसलेटेड?' (Can This Love Be Translated?) की. ये के-ड्रामा (K-Drama) इस साल की शुरुआत में रिलीज हुआ था और मुझे अब इसे देखने का मौका मिला है. मगर चलो देर आए दुरुस्त आए.
क्या है इस के-ड्रामा की कहानी?
इसमें कोरियन हार्टथ्रोब एक्टर Kim Seon Ho और एक्ट्रेस Go Youn Jung ने काम किया है. कहानी है चा मूही (Go Youn Jung) और जू हो जिन (Kim Seon Ho) की. कोरिया के रहने वाले चा मूही और जू हो जिन, एक जापान ट्रिप के दौरान मिलते हैं और फिर उनकी किस्मत उन्हें एक दूसरे से ज्यादा दूर रहने ही नहीं देती. जू हो जिन एक इंटरप्रेटर है, जो कोरियन के साथ-साथ जापानी, चीनी, इटालियन, अंग्रेजी भाषाएं समझ और बोल सकता है. चा मूही, एक एक्ट्रेस है, जो अपने बिग ब्रेक का इंतजार कर रही हैं. बचपन में बुरे दिन देख चुकी चा मूही की जिंदगी एक फिल्म की शूटिंग पर हुए एक्सीडेंट के बाद बदल जाती है. वो अचानक फेमस हो जाती है, मगर अब उसकी जिंदगी में डो रामी भी आ गई है. डो रामी कोई असली इंसान नहीं, बल्कि एक साया है, जो चा मूही के दिमाग और फिर आंखों के सामने रहता है. खुद के दिमाग से लड़ रही चा मूही, जू हो जिन से प्यार करने लगी है, मगर दोनों की 'भाषा' एकदम अलग है. ऐसे में उनका साथ होना जितना आसान लगता है, उतना आसान है नहीं.
कमाल है Kim Seon Ho और Go Youn Jung की केमिस्ट्री
मैं के-ड्रामा फैन नहीं हूं. इसलिए नहीं क्योंकि वो मुझे अच्छे नहीं लगते हैं. सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं उनमें ज्यादा इंडल्ज नहीं करती. मैंने अभी तक गिनती के कुछ ही के-ड्रामा देखे हैं और फिर भी कह सकती हूं कि 'कैन दिस लव बी ट्रांसलेटेड?' नेटफ्लिक्स के सबसे बढ़िया शोज में से एक है. चा मूही और जू हो जिन दोनों ही किरदार बेहद प्यारे हैं. इसी के साथ Kim Seon Ho और Go Youn Jung की जबरदस्त केमिस्ट्री सीरीज को और बढ़िया बनाती है. इस सीरीज में कई मजेदार एलिमेंट्स हैं, जो इसे एक खूबसूरत वॉचिंग एक्सपीरिएंस में तब्दील कर देते हैं. कुछ अच्छा और पॉजिटिव होने में चा मूही का विश्वास और उसके लिए चार पत्तियों वाले क्लोवर (Four Leaf Clover) को तलाशना, हो जिन के साथ औरोरा बोरेलिस यानी नॉर्दर्न लाइट्स को देखना, दोनों का एक दूसरे को गहराई से समझने की कोशिश करना और आज में जीना. शो के सेकेंड लीड्स, जिन्हें जापानी एक्टर Sota Fukushi, कोरियन एक्टर्स Lee Yi Dam और Choi Woo Sung ने निभाया है, वो भी काफी बढ़िया है.
सीरीज से मिलती है बड़ी सीख
ये शो आपको ढेरों सीख देता है. आप सीखते हैं कि दूसरों को अपना प्यार देने से पहले आपका खुद उसे समझना बेहद जरूरी है. अपने दिल के अंदर झांको और देखो कि आप क्या चाहते हो. ये आपको सिखाता है कि हीलिंग की शुरुआत तब होती है जब आप खुद से, अपनी परेशानियों से और दर्द से भागना बंद कर देते हैं. प्यार आपके दर्द को रिप्लेस नहीं कर सकता, मगर आपकी हीलिंग के लिए रास्ता जरूर बना सकता है. और प्यार का मतलब है ज्यादा देना और बदले में कम की उम्मीद करना. और आज में जीना और दूसरे के साथ सुरक्षित महसूस करना सबसे ज्यादा जरूरी है. दुनिया में 'परफेक्ट फ्यूचर' जैसा कुछ नहीं है. अगर हम आज साथ हैं, तो कल जो होगा वो मिलकर देख लेंगे, उसका सामना कर लेंगे. इसके अलावा ये पर्सनैलिटी डिसॉर्डर पर भी काफी क्रिएटिव मगर सेंसीटिव तरह से रोशनी डालता है.
अंत में 'कैन दिस लव बी ट्रांसलेटेड?' आपको बताता है कि हर इंसान की अपनी भाषा होती है, जिसे समझना आसान नहीं होता, लेकिन अगर आप एक-दूसरे का साथ दें और एक दूसरे पर भरोसा रखें तो साथ रहना आसान हो जाता है. आप इस 12 एपिसोड वाले के-ड्रामा को नेटफ्लिक्स पर कोरियन और इंग्लिश के अलावा हिंदी भाषा में भी देख सकते हैं.