किसी कलाकार ने फिल्म में एक्टिंग न की हो, स्क्रीन पर न दिखा हो और फिर भी एक्टिंग के लिए अवॉर्ड की रेस में हो. वो भी कोई आम पॉपुलर अवॉर्ड शो नहीं, सीधा ऑस्कर अवॉर्ड! कभी ऐसा सुना है? लेकिन स्टेज परफॉर्मर और कठपुतली के खेल के उस्ताद जेम्स ऑर्टीज़ अब ये कमाल करने वाले हैं.
इस साल दुनिया की सबसे चर्चित साइंस फिक्शन फिल्मों में से एक, प्रोजेक्ट हेल मैरी के लिए जेम्स का नाम ऑस्कर अवॉर्ड की 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर' कैटेगरी के लिए एलीजिबल है. ऐसा इसलिए क्योंकि जेम्स ने अपनी कठपुतली की कला से प्रोजेक्ट हेल मैरी में स्क्रीन पर एक एलियन का किरदार उतारा है, जो इस फिल्म की जान है. इस एलियन किरदार, रॉकी को दुनिया भर में जमकर प्यार मिला है और पॉप कल्चर में उसकी अपनी पहचान बन चुकी है.
जेम्स ऑर्टीज़ के जादू ने सिनेमा को दिया दिलचस्प एलियन
प्रोजेक्ट हेल मैरी, खत्म होती पृथ्वी की कहानी है. अंतरिक्ष में एक अजीब फंगस आ गई है और वो सभी सितारों को खत्म कर रही है. डर है कि धरती पर जीवन की सबसे बड़ी वजह, इसका सितारा सूरज बस कुछ सालों में खत्म होने वाला है. लेकिन वैज्ञानिकों को सुदूर अंतरिक्ष में एक सितारे का पता चला है जो इस फंगस के बावजूद बचा हुआ है.
इस सितारे के बचने का सीक्रेट और इस सीक्रेट से सूरज और धरती को बचाने के मिशन का नाम है— प्रोजेक्ट हेल मैरी. हॉलीवुड स्टार रायन गॉसलिंग एक प्रोफेसर के लीड रोल में हैं, जिसके कंधों पर ये मिशन टिका है. पर ये किरदार जब उस सुदूर अंतरिक्ष के सितारे तक पहुंचता है, तो उसे एक दूसरे ग्रह का जीव भी मिलता है, जो खुद इसी तरह के मिशन पर है. पत्थर जैसे दिखने वाले इस एलियन को प्रोफेसर ने नाम दिया है रॉकी.
प्रोजेक्ट हेल मैरी देख चुका हर दर्शक रॉकी के प्रेम में है. बोल न पाने वाला रॉकी केवल आवाजें निकालता है, जिसे डिकोड करने के लिए प्रोफेसर ने एक डिवाइस बनाई है. रॉकी की इमेज ही नहीं, उसकी बोली, लाइनें और शब्द भी पॉप कल्चर में उतरने लगे हैं. लोग इन्हें अपनी टीशर्ट पर प्रिंट करवा रहे हैं. लेकिन बिना ग्रीन स्क्रीन के शूट हुई प्रोजेक्ट हेल मैरी अपनी तरह की खास फिल्म है. इसका एलियन रॉकी भी प्रैक्टिकल इफेक्ट्स से क्रिएट किया गया है.
न्यू यॉर्क के जानेमाने पपेट आर्टिस्ट जेम्स ऑर्टीज़ थिएटर शोज में अपनी कला से शानदार इफेक्ट्स देने के लिए बहुत पॉपुलर हैं. प्रोजेक्ट हेल मैरी के मेकर्स ने उन्हीं के भरोसेमंद हाथों में रॉकी की कमान सौंपी. जेम्स ने अपनी आर्ट ही नहीं, आवाज भी देकर रॉकी को ऐसा एलियन किरदार बनाया है, जो दिखे भले पत्थर जैसा, मगर उसके इमोशन आपका दिल पिघला देंगे.
इसलिए फिल्म फैन्स में ये चर्चा थी कि जेम्स भले खुद स्क्रीन पर नहीं हैं, लेकिन उन्होंने जिस तरह रॉकी का किरदार उतारा है, वो एक्टिंग का शानदार नमूना है. इसलिए उन्हें भी इस किरदार के लिए एक्टिंग अवॉर्ड्स की रेस में उसी तरह शामिल करना चाहिए, जैसे बाकी एक्टर्स होते हैं. अब सामने आया है कि ऑस्कर जैसे बड़े अवॉर्ड के लिए भी जेम्स ऑर्टीज़ का काम 'एक्टिंग' अवॉर्ड के लिए एलीजिबल है.
वैरायटी ने ये बात कन्फर्म की है. एक रिपोर्ट के अनुसार, हॉलीवुड के एक और बड़े संगठन SAG-AFTRA के एक्टर अवॉर्ड्स के लिए भी जेम्स ऑर्टीज़ एलीजिबल हैं. क्योंकि इस संगठन की गाइडलाइंस में कठपुतली आर्टिस्ट्स भी आते हैं. ये बात उनके रिप्रेजेंटेटिव को कन्फर्म कर दी गई है. हॉलीवुड के बड़े अवॉर्ड्स में क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स और BAFTA के लिए भी जेम्स एलीजिबल हैं. केवल गोल्डन ग्लोब्स के मौजूद नियम ऐसे हैं कि जेम्स को वहां एक्टिंग अवॉर्ड्स में जगह नहीं मिल सकती.
जेम्स की 'एक्टिंग' पर क्यों छिड़ी बहस?
जेम्स को 'एक्टिंग' के लिए नॉमिनेशन मिलने की बहस असल में एक बड़ी बहस का हिस्सा है— उन अचीवमेंट्स को किस कैटेगरी में रखा जाए, जो एक्टिंग, वॉयस वर्क और तकनीकी आर्ट की परिभाषाओं को मिक्स करती हैं? ऑस्कर अवॉर्ड्स ने इसी बहस का जवाब 1972 में निकाला था और स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड इंट्रोड्यूस किया था. मगर इस कैटेगरी में अवॉर्ड आखिरी बार 1995 में ही दिया गया था. तब भी ये अवॉर्ड फिल्म 'एलियंस' में स्क्रीन पर एलियन क्रिएट करने के लिए ही दिया गया था. मगर इस साल जेम्स ऑर्टीज़ के काम ने एकेडमी को ये अवॉर्ड फिर से देने की बड़ी वजह दी है.
जेम्स ने वैरायटी से कहा कि कठपुतली एक टेक्निकल अचीवमेंट ही होती है. प्रोजेक्ट हेल मैरी एक शानदार स्पेक्टेकल है, लेकिन उनके लिए रॉकी जैसे किरदार का काम, उसका दिल समझने से शुरू होता है. 'मैं किरदार का दिल समझना चाहता हूं— वो क्या कम्युनिकेट करना चाहता है और फील क्या करता है? जब हम कठपुतली जैसे, सजावटी लगने वाले माध्यम से एक ऐसे किरदार को जीवन देते हैं, जिसके इमोशन लोगों के दिल तक पहुंचते हैं, तो हम असल में कुछ सार्थक काम कर रहे होते हैं' जेम्स ने कहा.
जेम्स ने अपना ये हुनर कितनी ईमानदारी और दमदार तरीके से उतारा है, इसका सबूत प्रोजेक्ट हेल मैरी है. जेम्स की आर्ट से तैयार एलियन रॉकी तो दुनिया भर में दर्शकों को इंप्रेस करने में खूब कामयाब हुआ है. अब देखना है कि जेम्स ऑर्टीज़ की इस 'एक्टिंग' से ऑस्कर और बाकी अवॉर्ड शोज की ज्यूरी कितनी इंप्रेस होती है.