सूरज बड़जात्या ने अपनी अगली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ऐलान किया है. 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शारवरी वाघ लीड रोल में नजर आएंगे. ये एक म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जो 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. आयुष्मान खुराना और शारवरी को राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर बना रहे हैं.
सूरज बड़जात्या का कमबैक
'ऊंचाई' के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद सूरज बड़जात्या एक बार फिर फैमिली एंटरटेनर के साथ वापसी कर रहे हैं. इस फिल्म के साथ राजश्री का मशहूर किरदार 'प्रेम' 12 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहा है. आयुष्मान खुराना पहली बार इस किरदार को निभा रहे हैं, जो अपने साधारण और शरारती अंदाज से इसे खास बनाते हैं.
फिल्म में उनके साथ पहली बार शारवरी वाघ नजर आएंगी. शारवरी की सादगी, स्ट्रॉन्ग और खूबसूरत इमेज राजश्री की हीरोइनों की खासियत को आगे बढ़ाती है. आयुष्मान और शारवरी की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने लायक होगी.
राजश्री प्रोडक्शंस की अपकमिंग फिल्म कई मामलो में बेहद खास होने वाली है. फिल्म से करीब 12 साल बाद सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया फिर साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने 'प्रेम रतन धन पायो' में साथ काम किया था, जिसका म्यूजिक काफी हिट रहा था. इस फिल्म में भी संगीत हिमेश रेशमिया दे रहे हैं, जिससे एक शानदार एल्बम की उम्मीद है.
इस समय हिंदी सिनेमा में एक्शन, हॉरर और ऐतिहासिक फिल्मों का बोलबाला है. ऐसे में राजश्री प्रोडक्शंस एक बार फिर अपनी खास पहचान, एक सच्ची फैमिली एंटरटेनर के साथ लौट रहा है. आयुष्मान खुराना और शारवरी वाघ की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को परिवारों को सिनेमाघरों में लाने के लिए तैयार है.
सूरज बड़जात्या 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन', 'हम साथ-साथ हैं', 'विवाह' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके हैं. उनकी पिछली फिल्म 'ऊंचाई' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी. यही कारण है कि दर्शकों की 'ये प्रेम मोल लिया' से उम्मीदें बढ़ गई हैं.