एक्टर और राजनेता रवि किशन जानते हैं कि इंटरनेट को उनका कमेंट 'होम फ्रॉम वर्क' पसंद आ गया है. नेटफ्लिक्स की फिल्म 'मां बहन' के ट्रेलर लॉन्च पर उन्होंने अपनी वायरल क्लिप पर बन रहे मीम्स पर आखिरकार रिएक्शन दे दिया. यह कमेंट तब ट्रेंड करने लगा जब रवि किशन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल बचाने की अपील पर बात कर रहे थे. उन्होंने गलती से 'वर्क फ्रॉम होम' की जगह 'होम फ्रॉम वर्क' बोल दिया, जिससे सोशल मीडिया यूजर्स हंसते-हंसते लोटपोट हो गए.
रवि किशन ने मीम्स पर दिया रिएक्शन
'मां बहन' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर रवि किशन ने अपने ड्रामेटिक अंदाज में इस वायरल पल पर बात की. एक्टर ने कहा कि उन्हें सच में नहीं पता कि यह कमेंट इतना बड़ा मुद्दा क्यों बन गया. उन्होंने कहा, 'यार पहली बात तो मैं आज जितने भी हैं, मैं दिल से कहना चाहता हूं. मुझे नहीं मालूम क्यों. मुझे नहीं मालूम मैं 'होम फ्रॉम वर्क; बोला था. फिर 'जल्दी लेट' बोला. वो मैं संसद में जा रहा था. 'वर्क फ्रॉम होम' बोलना था, निकलता है 'होम फ्रॉम वर्क'. मैं इंसान हूं.'
रवि ने आगे कहा कि लोग उन्हें ऐसे देखते हैं जैसे वो कोई साधारण इंसान नहीं हैं, जो गलती कर सकता है. उन्होंने कहा, 'लोग मुझे क्या देखते हो? आदमी नहीं हूं? मुझे ऐसे लोग देखते हैं जैसे मैं कुछ अलग ही स्पेस से आया हूं. मैं आप लोगों की तरह ही गलती करता हूं.'
अपने रंगबिरंगे बोलने के अंदाज के लिए अक्सर मीम्स का शिकार बनने वाले रवि किशन इंटरनेट के अपने स्लिप-अप्स पर हैरान होने के साथ-साथ थोड़ा मुस्कुराते भी नजर आए. इससे पहले उनका कमेंट 'जल्दी द लेट' भी वायरल हो चुका था, और अब 'होम फ्रॉम वर्क' नया मीम बन गया है.
ध्यान मिलने पर रवि किशन ने कहा, ;गलती करता हूं तो आप लोग वायरल क्यों करते हो? मुझे सब लोग पूछते हैं. मैं नाम नहीं लूंगा. मेरी पार्टी में भी लोग खुश हैं. मेरे सुपीरियर्स भी पूछते हैं, 'आप करते क्या हो?'' उन्होंने मजाकिया अंदाज में इस मीम फ्रेंजी को अपनी आने वाली नेटफ्लिक्स फिल्म 'मां बहन' से जोड़ते हुए कहा कि यह फिल्म भी वायरल होने वाली है. उन्होंने कहा, 'ये फिल्म भी वायरल होने वाली है. ये खतरनाक है.'
फिल्म मां बहन का ट्रेलर रिलीज
रवि किशन को जल्द फिल्म 'मां बहन' में देखा जाएगा. इसका ट्रेलर 22 मई को लॉन्च हुआ. यह नेटफ्लिक्स की आने वाली क्राइम कॉमेडी फिल्म है, जिसमें माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, धरणा दुर्गा और रवि किशन अहम भूमिकाओं में हैं. सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक डिसफंक्शनल मां-बेटी की तिकड़ी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने घर में एक लाश मिलने के बाद अजीबोगरीब स्थिति में फंस जाती है. अबंडेंटिया एंटरटेनमेंट और ओपनिंग इमेज फिल्म्स के सहयोग से बनी यह फिल्म 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.