रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के पाली हिल वाले अपार्टमेंट वास्तु को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. कहा जा रहा है कि रणबीर कपूर ने अपना अपार्टमेंट 'वास्तु' को किराए पर दे दिया है. ये वही अपार्टमेंट हैं जहां रणबीर ने आलिया से शादी रचाई थी.
रेंट से इतना कमाएंगे रणबीर
रणबीर कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बीच खबर आई कि उन्होंने अपनी पुरानी लग्जरी प्रॉपर्टी को किराये पर दे दिया है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पाली हिल स्थित रणबीर के अपार्टमेंट का मासिक किराया 11 लाख रुपये है. डील पांच साल के लिए पक्की हुई है. 19 मई 2026 को ये लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट रजिस्टर्ड हुआ. रणबीर का अपार्टमेंट 'वास्तु' बिल्डिंग के सातवें फ्लोर पर है. 2,460 वर्ग फीट में फैले हुए इस अपार्टमेंट को रणबीर ने 2016 में 35 करोड़ में खरीदा था, जिसे गौरी खान ने डिजाइन किया था.
रिपोर्ट में बताया गया कि अपार्टमेंट को आदित्य शुक्ला ने किराए पर लिया है. डील में 45 लाख की सिक्योरिटी डिपॉजिट है और 5 परसेंट बढ़ोतरी का क्लॉज शामिल किया गया है.
रणबीर और आलिया हाल ही में अपने नए बंगले कृष्णा राज में शिफ्ट हुए हैं. ये उनका पुश्तैनी घर है, जिसे रणबीर ने रेनोवेट करवाया था. रिपोर्ट्स के अनुसार इस बंगले की कीमत 250 करोड़ रुपये है. रणबीर और आलिया का घर मुंबई के फेमस सेलिब्रिटी होम में से एक है. ये प्रॉपर्टी 80 साल पुरानी है, जो ऋषि कपूर और नीतू कपूर के हिस्से आई थी. बंगले में एक कमरा ऋषि कपूर को डेडिकेट किया गया है. कुछ दिन पहले रणबीर ने आयोध्या में भी एक जमीन खरीदी है.
'वास्तु' में हुई थी शादी
14 अप्रैल 2022 को रणबीर ने वास्तु में ही आलिया संग सात फेरे लिए थे. इस घर से उनकी शादी की यादें जुड़ी हैं. अब इसे किराए पर देकर उन्होंने बड़ा फैसला लिया है. एक्टर के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वो नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. 4 हजार करोड़ की लागत से बनी फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखेंगे, जबकि सनी देओल हनुमान का रोल निभा रहे हैं. माता सीता का रोल साई पल्लवी को मिला है.