आदित्य धर फिल्म धुरंधर के साथ बॉक्स ऑफिस पर नई क्रांति लेकर आए हैं. दमदार एक्शन, ड्रामा, सस्पेंस, स्ट्रॉन्ग स्क्रीनप्ले से भरपूर धुरंधर 2 को फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. ग्रैंड ओपनिंग के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार तहलका मचा रही है. मगर धुरंधर की बड़ी सक्सेस पर इंडस्ट्री की खामोशी राम गोपाल वर्मा को खल रही है. उन्होंने इसपर सवाल उठाए और इंडस्ट्री को लताड़ लगाई है.
क्या बोले राम गोपाल वर्मा?
धुरंधर 2 जब से रिलीज हुई है फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा लगातार आदित्य धर के विजन और उनकी फिल्म की बेबाकी से तारीफ कर रहे हैं. अब राम गोपाल वर्मा के नए बयान ने हर किसी का ध्यान खींच लिया है. उन्होंने सवाल उठाया है कि धुरंधर-2 के इतनी बड़ी हिट फिल्म बनने के बावजूद इंडस्ट्री के ज्यादातर लोग आखिर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? उनका कहना है कि इंडस्ट्री के ज्यादातर लोग फिल्म की खुलकर तारीफ करने से कतरा रहे हैं.
राम गोपाल वर्मा ने अपने X अकाउंट पर इंडस्ट्री पर निशाना साधते हुए लिखा- अब जब आदित्य धर ने फिल्म इंडस्ट्री के ठीक नीचे एक परमाणु बम फोड़ दिया है, तो ऐसे में बाकी फिल्म इंडस्ट्री की खामोशी चौंकाने वाली है. मुझे नहीं पता कि क्या ऐसा इसलिए है क्योंकि धुरंधर 2 के विनाशकारी धमाके ने फिल्म इंडस्ट्री के बाकी लोगों को काफी दूर किसी आउटर स्पेस में फेंक दिया है. ऐसे में उनकी तालियां लंबी दूरी के कारण यहां तक पहुंच नहीं पा रही हैं. या फिर वो इस हकीकत को मानना ही नहीं चाहते हैं और कोने में एक दूसरे संग फुस-फुसाकर कह रहे हैं कि यह सिर्फ प्रोपेगैंडा है...यह जल्द ही खत्म हो जाएगा, ताकि वो वापस आकर अपनी वही पुरानी घिसी-पिटी फिल्में बना पाएं.
राम गोपाल वर्मा ने आगे लिखा- या फिर वो लोग इतनी बेहतरीन फिल्म देखकर पैरालाइज हो गए हैं. उन्हें एहसास हो गया है कि वो जो कुछ भी बना रहे हैं या बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं, वो अब धुरंधर का सामना नहीं कर पाएगी. लेकिन क्या यह बेवकूफी नहीं है कि धुरंधर 2 जैसी डायनासोर फिल्म को नजरअंदाज किया जा रहा है. कोई इतना बेवकूफ कैसे हो सकता है?
इंडस्ट्री को दी ये सलाह
राम गोपाल वर्मा ने आगे इंडस्ट्री को सलाह देते हुए कहा- इंडस्ट्री में मेरे सभी साथियों से गुजारिश है कि प्लीज धुरंधर 2 को सीरियसली लें और इसे फिल्ममेकिंग के एक नए कोर्स की तरह पढ़ें और खुद को शिक्षित करें, वरना आप लोग 19 मार्च 2026 से पहले के सिनेमा के कब्रिस्तान में हमेशा के लिए दफन होकर रह जाओगे.
धुरंधर की बात करें तो फिल्म में रणवीर सिंह ने लीड रोल निभाया है. उनके अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, गौरव गेरा और सारा अर्जुन जैसे स्टार्स हैं, जिन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से हर किसी के होश उड़ा दिए हैं.