scorecardresearch
 

'ओ रोमियो' ने की दोनों नई फिल्मों से ज्यादा कमाई, शाहिद की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनने के लिए तैयार!

धीमी शुरुआत के बाद ‘ओ रोमियो’ ने दूसरे वीकेंड में भी दम दिखाया है. एक हफ्ते पुरानी होने के बावजूद 'ओ रोमियो', शुक्रवार को आई दोनों नई फिल्मों से बेहतर चल रही है. क्रिकेट मैचों के बीच टिके रहना आसान नहीं है, मगर शाहिद-तृप्ति की वायलेंट लव स्टोरी थिएटर्स में अपने पांव जमा चुकी है.

Advertisement
X
'ओ रोमियो' ने दूसरे वीकेंड में भी दिखाया दम (Photo: Instagram/@shahidkapoor)
'ओ रोमियो' ने दूसरे वीकेंड में भी दिखाया दम (Photo: Instagram/@shahidkapoor)

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की वायलेंट लव स्टोरी 'ओ रोमियो' लगातार अपने हिस्से के दर्शक जुटा रही है. पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल करती नजर आ रही ये फिल्म अभी भी थिएटर्स में टिकी हुई है और सॉलिड कमाई कर रही है. नई फिल्मों के आने के बावजूद 'ओ रोमियो' दूसरे वीकेंड में भी जनता की पहली चॉइस बनी रही. इस वीकेंड में दोनों नई फिल्मों 'अस्सी' और 'दो दीवाने शहर में' के कुल कलेक्शन से ज्यादा बिजनेस शाहिद की 'ओ रोमियो' ने किया है.

'ओ रोमियो' का एक और सॉलिड वीकेंड
डायरेक्टर विशाल भारद्वाज और शाहिद ने इससे पहले 'हैदर', 'कमीने' और 'रंगून' में साथ काम किया था. इन तीनों में से 'हैदर' करीब 56 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ इस डायरेक्टर-एक्टर जोड़ी की सबसे बड़ी फिल्म थी. मगर बॉक्स ऑफिस पर 'ओ रोमियो' अब इन दोनों का बेस्ट कोलैबोरेशन बन चुकी है.

पहले हफ्ते में 52 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी 'ओ रोमियो' ने शुक्रवार को 3.25 करोड़ के साथ दूसरे हफ्ते की शुरुआत की. शनिवार को एक अच्छे जंप के साथ फिल्म ने 4.5 करोड़ का कलेक्शन किया. संडे को 'ओ रोमियो' को अच्छा जंप मिलना चाहिए था, लेकिन टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में इंडिया और साउथ अफ्रीका के मैच की वजह से दोपहर बाद थिएटर्स में जनता घटी. संडे का बड़ा जंप मिसिंग होने के बावजूद 'ओ रोमियो' ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 4 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया है.

Advertisement

शाहिद की फिल्म ने ऑलमोस्ट 12 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ दूसरा वीकेंड खत्म किया है. पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस के लिए कमजोर मानी जा रही फिल्म के लिहाज से ये एक सॉलिड सेकंड वीकेंड है. इसके साथ 'ओ रोमियो' ने 10 दिन में 64 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है.

शाहिद का दूसरा बेस्ट सोलो कलेक्शन
300 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली मल्टीस्टारर 'पद्मावत' शाहिद के करियर की सबसे बड़ी फिल्म है. मगर उनकी सबसे बड़ी सोलो हिट 'कबीर सिंह' है, जिसने 278 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था. ऑलमोस्ट 81 करोड़ कलेक्शन करने वाली 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' शाहिद के लिए दूसरा बेस्ट सोलो कलेक्शन लेकर आई थी.

अब बॉक्स ऑफिस ट्रेंड को देखते हुए अनुमान लगाया जा सकता है कि 'ओ रोमियो' अभी कुछ दिन और अपने हिस्से के दर्शक बटोरती रहेगी. ईद पर 'धुरंधर 2' और 'टॉक्सिक' के क्लैश से पहले कोई बड़ी फिल्म नहीं आने वाली. यानी 'ओ रोमियो' के पास तब तक थिएटर्स में टिके रहने का अच्छा मौका है. बस ये इसी तरह धीरे-धीरे बॉक्स ऑफिस पर आगे बढ़ती रहे. शाहिद की ये फिल्म बड़े आराम से 85 करोड़ तक कलेक्शन कर सकती है.

इस कलेक्शन के साथ इसे बॉक्स ऑफिस हिट तो नहीं कहा जा सकता. मगर ओटीटी और बाकी डील्स के साथ जोड़ने पर ये बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 'ओ रोमियो' को मेकर्स के लिए ठीकठाक प्रॉफिट देने वाली फिल्म बना देगा. बस देखना है कि 'ओ रोमियो' और कितने दिन डटकर बॉक्स ऑफिस पर टिकट बेच पाती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement