कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. साल 2006 में आई प्रियदर्शन की कल्ट क्लासिक फिल्म 'मालामाल वीकली' अपने सीक्वल के साथ पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म के लीड एक्टर परेश रावल ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है.
एक गांव की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म ने अपनी सादगी और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को लोटपोट कर दिया था. अब करीब दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद, फिल्म का दूसरा हिस्सा बनने जा रहा है.
परेश रावल ने कर दिया कंफर्म
हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से 'मालामाल वीकली 2' की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दिग्गज अभिनेता परेश रावल के बयान ने सब कुछ साफ कर दिया है. HT के साथ एक बातचीत के दौरान जब उनसे इस सीक्वल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'हां, यह खबर सच है. मैं यह फिल्म कर रहा हूं.'
आपको बता दें कि परेश रावल इन दिनों अपनी पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल को लेकर काफी चर्चा में हैं. उन्होंने हाल ही में 'हेरा फेरी 3' में अपने आइकोनिक किरदार 'बाबू भैया' में वापसी की है.
क्या थी मालामाल वीकली की कहानी
फिल्म की असल जान इसकी कहानी और पात्रों की जबरदस्त फौज थी. यह कहानी एक छोटे से गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक शख्स की 1 करोड़ रुपये की लॉटरी लग जाती है. लेकिन ट्विस्ट तब आता है जब पता चलता है कि लॉटरी जीतने वाला व्यक्ति अचानक मर गया है. इसके बाद गांव के लोग, खासकर परेश रावल और ओम पुरी का किरदार, उस लॉटरी के पैसे हड़पने के लिए जो तिकड़म भिड़ाते हैं, वह देखने लायक है.
लॉटरी इंस्पेक्टर से मौत को छिपाने और गांव के लालची मुखिया को बेवकूफ बनाने के चक्कर में जो हालात पैदा होते हैं, वही इस फिल्म को कॉमेडी मास्टरपीस बनाते हैं.
'भागम भाग 2' की भी तैयारी
परेश रावल के पिटारे में सिर्फ 'मालामाल वीकली' ही नहीं है. कॉमेडी के शौकीनों के लिए एक और अपडेट यह है कि वे 2006 की एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म 'भागम भाग' के सीक्वल के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं.