9 मई को मदर्स डे की खुशी में दुनियाभर के लोगों ने अपनी मां को याद किया और उन्हें प्यार दिया. मां के सेलिब्रेशन के इस दिन को बेहद खास माना जाता है. यह वह दिन है जब आप अपनी मां को सम्मान देते हैं, उनके साथ समय बिताते हैं और बताते हैं कि वह आपके लिए कितनी जरूरी हैं. साथ ही उनका शुक्रिया भी अदा करते हैं. एक बच्चे की सबसे बड़ी ताकत उसकी मां होती है और मां के जैसा दुनिया का कोई और इंसान नहीं होता, ना ही कोई उनकी जगह ले सकता है. ऐसी ही बातें बताते हुए एक वीडियो अमिताभ बच्चन ने शेयर किया है.
बिग बी ने मां को बताया सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी
अमिताभ बच्चन ने मदर्स डे की बधाई देते हुए फैंस के साथ ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया. वीडियो कौन बनेगा करोड़पति के मंच का है. इस वीडियो में अमिताभ शो में प्रतियोगियों के साथ हॉट सीट पर बैठे दिख रहे हैं. बच्चन वीडियो में कहते हैं, ''आजकल सबकुछ टेक्नोलॉजी द्वारा बस यूं चुटकियों में हल हो जाता है. लेकिन एक टेक्नोलॉजी ऐसी है, जो हमारे पास तब से मौजूद है, जब सृष्टि का निर्माण हुआ था. यह टेक्नोलॉजी आज भी वर्ल्ड की सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी है, और इस टेक्नोलॉजी का नाम है मां.''
अमिताभ बच्चन आगे कहते हैं, ''देवियों और सज्जनों, मां दुनिया की वो टेक्नोलॉजी है जिसका ना तो कोई विकल्प है और ना ही कभी कोई विकल्प हो सकता है. ऐसी कोई भी समस्या नहीं है, जिसका समाधान उनके पास ना हो. ऐसा कोई समय नहीं है, जो उनके पास हमारे लिए ना हो, उनका कनेक्शन किसी बैटरी या तार से नहीं जुड़ता, उनका कनेक्शन दिल से है. और इस टेक्नोलॉजी का जो कवरेज एरिया होता है उसे नापना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है.''
T 3900 - Happy #MothersDay .. EVERY DAY is mothers day .. pic.twitter.com/WGoNvRX721
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) May 9, 2021
फिर किसी के प्यार में देवदास बनेंगे शाहरुख खान? भंसाली संग प्रोजेक्ट की चर्चा
मशीनों को भी है 'मां' की जरूरत
अपनी बात का अंत करते हुए बिग बी ने कहा, ''मां की जो सबसे खास बात होती है वो है उनका स्नेहा भरा स्पर्श. इस स्पर्श की आज तक ना तो कोई तकनीकि बराबरी हो पाई है और ना ही हो पाएगी. ये अपने स्पर्श से हमारे गम को डाउनलोड कर देती हैं और खुशियां हमारे लिए अपलोड कर देती हैं. शायद इसीलिए कंप्यूटर जैसी मशीन को भी चलाने के लिए एक 'मां' यानी मदर बोर्ड की जरूरत पड़ती है.''
10 मई से शुरू होगा केबीसी 13 का रजिस्ट्रेशन
बता दें कि अमिताभ बच्चन एक बार फिर कौन बनेगा करोड़पति लेकर आ रहे हैं. इस बार कौन बनेगा करोड़पति का सीजन 13 आने वाला है. इस शो में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 मई से शुरू हो रही है. रजिस्ट्रेशन के लिए अमिताभ बच्चन फैंस से सवाल पूछने वाले हैं, जिसका जवाब एसएमएस और सोनी लिव ऐप के जरिए देना होगा. सही जवाब देने वाले को शो का हिस्सा बनने का मौका दिया जाएगा.