जॉनी लीवर बॉलीवुड इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर और स्टैंड-अप कॉमेडियन्स में से एक हैं. वो कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग और कॉमिक टाइमिंग से फैंस का दिल जीत चुके हैं. लेकिन इंडस्ट्री में इतने बड़े मुकाम तक पहुंचा जॉनी लीवर के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था. उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी तकलीफें झेली हैं. आइए एक्टर की जर्नी पर एक नजर डालते हैं...
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
14 अगस्त, 1957 को आंध्र प्रदेश में जन्मे जॉनी लीवर एक साधारण तेलुगु ईसाई परिवार में पले-बढ़े हैं. उनके पिता हिंदुस्तान यूनिलीवर में एक ऑपरेटर के रूप में काम करते थे. फिर जॉनी लीवर ने भी कई सालों तक वहां मजदूरी की.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
एक्टर का परिवार कुछ वक्त बाद मुंबई की घनी आबादी वाली धारावी की झुग्गियों में बस गया था, जहां हर दिन का गुजारा करना एक बड़ी चुनौती थी. वहां कोई सुख-सुविधा भी नहीं थी.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
आर्थिक तंगी के कारण एक्टर को सातवीं कक्षा के बाद आंध्र एजुकेशन सोसाइटी इंग्लिश हाई स्कूल से अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी. वो परिवार की मदद करने लगे थे. इसलिए छोटी उम्र में ही उन्होंने काम करना शुरू कर दिया था.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
रिपोर्ट्स की मानें तो जॉनी लीवर एक वक्त पर गुजारे के लिए मुंबई की सड़कों पर पेन बेचा करते थे. मगर कला उनमें कूट-कूटकर भरी हुई थी. ऐसे में वो बचपन में ही हिंदी फिल्मों के मशहूर सितारों की नकल करके और उनके गानों पर डांस करके आने-जाने वाले लोगों को एंटरटेन करते थे. उनकी मिमिक्री और कॉमेडी लोगों को पसंद आने लगी. उन्हें लोगों से सराहना मिलने लगी थी.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनी लीवर जब 13 साल के थे, तब वो अपने पिता की शराब की लत के कारण मानसिक तनाव और दर्द से गुजर रहे थे. परेशान होकर उन्होंने एक बार रेलवे ट्रैक पर लेटकर अपनी जान देने की भी कोशिश की थी.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
रणवीर इलाहाबादिया संग एक इंटरव्यू में एक्टर ने बताया था कि उस मुश्किल घड़ी में अचानक उन्हें अपनी तीन बहनों का ख्याल आ गया और फिर उन्होंने अपना फैसला बदल लिया था. परिवार का सोचकर उन्होंने मौत की जगह जिंदगी को चुना था.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
वहीं, नौकरी के दौरान उन्हें कंपनी के एक इवेंट में अपने टैलेंट को दिखाने का मौका मिला. उन्होंने अपने सीनियर्स की नकल उतारकर अपने साथियों को एंटरटेन किया था. उनकी खूब सरहाना हुई और यहीं से उन्हें 'जॉनी लीवर' नाम मिला, जो आज उनकी पहचान बन चुका है.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
नौकरी के दौरान ही जॉनी स्टेज शो करने लगे थे. फाइनेंशियल एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी. उस समय तक वो स्टेज शोज और एड्स से अच्छी कमाई करने लगे थे.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
फिल्मों में एंट्री करने से पहले ही जॉनी लीवर ने स्टैंड-अप कॉमेडियन के तौर पर अपनी पहचान बना ली थी. ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि एक शो के दौरान दिग्गज एक्टर सुनील दत्त की नजर उनपर पड़ी थी और फिर उन्होंने फिल्म 'दर्द का रिश्ता' में जॉनी लीवर को रोल ऑफर कर दिया था.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)
इसके बाद से जॉनी लीवर ने करियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और फैंस के फेवरेट बन गए. रिपोर्ट के मुताबिक, जॉनी लीवर आज करोड़ों के मालिक हैं. उनकी नेटवर्थ करीब 277 करोड़ के आसपास बताई जाती है.
(Photo: Instagram @iam_johnylever)