भोजपुरी सिनेमा के शौकीनों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी ने हाथ मिलाया है ताकि ऑडियंस को भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी और फेमस हस्तियों की लाइफ को करीब से देखने का मौका मिल सके. इस नए और अनोखे शो का नाम 'Bhojpuri Bawaal' रखा गया है. जिसकी पहली झलक भी सामने आ गई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शो में भोजपुरी दुनिया के सुपरस्टार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और उनके साथ तेज प्रताप यादव नजर आने वाले हैं. यह शो इन सभी मशहूर हस्तियों की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के उन अनसुने पहलुओं को सामने लाएगा, जिनसे फैंस अब तक अनजान थे.
दिखेगी स्टार्स की असली जिंदगी
यह शो बाकी के पारंपरिक रियलिटी शोज से काफी अलग होने वाला है क्योंकि इसे एक 'फॉलो रियलिटी' फॉर्मेट में तैयार किया गया है. इसका सीधा मतलब यह है कि शो में आपको कोई स्क्रिप्टेड ड्रामा, पहले से तय की गई लड़ाइयां या फिर किसी भी तरह का एलिमिनेशन (बाहर होना) देखने को नहीं मिलेगा. यानी ऑडियंस सीधे इन्हें देखेंगी.
विवादों का खुलेगा कच्चा चिट्ठा
'Bhojpuri Bawaal' का मुख्य फोकस भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टारडम पर रहने वाला है. शो में जहां एक तरफ इन कलाकारों की शोहरत, उनकी भारी लोकप्रियता और फैंस के बीच उनके क्रेज को दिखाया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ पर्दे के पीछे की कड़वी सच्चाई भी सामने आएगी. स्टार्स के बीच कॉम्पिटिशन, उनके पुराने और नए विवाद, और काम का दबाव जैसी चीजों को दिखाया जाएगा.
पहली झलक आई सामने
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शो का फर्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा है, 'जब बात हो भोजपुरी दिल और ठाठ की, तो 'Bhojpuri Bawaal' तो होना ही है...". रिपोर्ट के मुताबिक, यह शो सबसे पहले JioHotstar पर डिजिटल स्ट्रीम किया जाएगा और उसके तुरंत बाद इसे Colors TV पर भी टेलीकास्ट किया जाएगा. हालांकि, फैंस इस शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी तक इसकी रिलीज की पक्की तारीख की घोषणा नहीं की है.
कौन-कौन से दिग्गज मचाएंगे इस शो में धमाल?
इस शो में शामिल होने वाले दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को 'निरहुआ हिंदुस्तानी' और 'राजा बाबू' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाना जाता है. वहीं, पवन सिंह जो एक बेहतरीन एंटरटेनर होने के साथ-साथ अब राजनीति में भी कदम रख चुके हैं, 'जिद्दी आशिक' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मशहूर हैं. आम्रपाली दुबे की बात करें तो वह भोजपुरी सिनेमा की सबसे महंगी एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जिन्हें 'बॉर्डर' (2018) जैसी फिल्म में उनके शानदार एक्टिंग के लिए सराहा गया है. वहीं काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी इस शो में नजर आ सकते हैं.