बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को मिली अप्रत्याशित जीत में आरजेडी
भले ही सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी हो, लेकिन जीत का चेहरा नीतीश कुमार रहे
इसमें कोई दो राय नहीं है. लगातार तीसरी बार राज्य की शीर्ष सत्ता का स्वाद
चखने वाले नीतीश कुमार अब छठ पर्व के बाद शपथ ग्रहण की तैयारी में हैं. बताया जाता है कि 20 नवंबर को वह और उनकी 36 सदस्यीय कैबिनेट पद और गोपनीयता की शपथ ले सकती है.
जेडीयू के एक नेता ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि के साथ 36 सदस्यीय कैबिनेट छठ पर्व के बाद 20 नंबवर को शपथ ग्रहण करेगी. छठ बिहार का सबसे लोकप्रिय त्योहार है. महागठबंधन के नेताओं के मुताबिक, नीतीश की कैबिनेट में लालू प्रसाद की आरजेडी से 16 मंत्री, जेडीयू से 15 मंत्री और कांग्रेस से पांच मंत्री होंगे.
गौरतलब है कि बिहार परिणाम में आरजेडी 80 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जिसके बाद जेडीयू को 71 और कांग्रेस को 27 सीटें मिली हैं.