उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से लेकर सभी विपक्षी दलों तक, राज्य में सियासी सरगर्मियां काफी तेज हो चुकी हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ और गोरखपुर के दौरे पर हैं, जहां वे कई महत्वपूर्ण लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं. देखें... राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'भारत टैक्सी' सेवा को लॉन्च करेंगे. इसके साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' का भी शुभारंभ किया जाएगा. इस योजना के तहत किसानों को खेती-किसानी के लिए 6 लाख रुपये तक का कर्ज दिया जाएगा, और समय पर लोन चुकाने वाले किसानों को ब्याज में विशेष सब्सिडी का लाभ भी मिलेगा. यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मददगार साबित होगा. वहीं गोरखपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. वे वहां महिला आश्रय गृह का उद्घाटन करेंगे, जिससे बेसहारा महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिल सके. इसके अलावा, कोविड महामारी के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले अनाथ बच्चों के लिए 'मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना' के तहत लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है. इस योजना के जरिए सरकार बच्चों की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना चाहती है. यूपी में चल रहे इन लोकलुभावन कार्यक्रमों और योजनाओं को 2027 के चुनावी शंखनाद के रूप में भी देखा जा रहा है.