पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के लिए चुनाव प्रचार करने आज पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं. उन्होंने पुरुलिया में जनसैलाब को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी भावुक नजर आए.
पीएम मोदी ने पुरुलिया में अपना चुनावी भाषण रोककर, एक छोटे बच्चे से बात की. आजतक को दिए एक खास इंटरव्यू में बच्चे और उसकी मां ने अपना अनुभव शेयर किया.
चुनावी प्रचार के दौरान पुरुलिया जिले के रायबाघिनी मैदान में पहुंचे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक भावुक हो गए. अपने भाषण के बीच उन्होंने एक छोटे बच्चे चिराग पर ध्यान दिया और तुरंत अपनी बात रोक दी.
बताया जा रहा है कि छोटा बच्चा अपने साथ प्रधानमंत्री और उनकी मां की तस्वीर लेकर आया था. इसे देखकर प्रधानमंत्री ने एसपीजी को निर्देश देकर वो तस्वीर अपने पास मंगवाई और कहा कि मां की तस्वीर देखकर वो भावुक हो गए.
पीएम मोदी ने कहा, 'थैंक्यू बेटा, बहुत-बहुत शुक्रिया. मैं आपका बहुत आभारी हूं. आप मेरी मां की तस्वीर लेकर आए, आपने मुझे भावुक कर दिया.'
यह भी पढ़ें: TMC ने कांग्रेस के साथ मिलकर महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया: पीएम मोदी
सभा खत्म होने के बाद उस छोटे बच्चे चिराग और उसकी मां ने बताया कि मोदी जी ने उनसे बात की, जिससे वो बेहद खुश हैं. चिराग ने बताया कि पीएम मोदी ने उनसे कहा है कि वो उसे चिट्ठी लिखेंगे.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बारे में
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होने हैं. राज्य में 23 अप्रैल 2026 को 152 सीटों पर और 29 अप्रैल 2026 को 142 सीटों पर मतदान कराए जाएंगे. वहीं, 4 मई 2026 को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे. इस चुनाव में मुख्य टक्कर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच देखी जा रही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी चौथी पारी के लिए कमर सक रही हैं. जबकि बीजेपी शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में चुनावी मैदान में है.
(इनपुट- सत्यजीत बनर्जी)