scorecardresearch
 

ईंट-पत्थर, लाठी-थप्पड़ सब चले! मुर्शिदाबाद से कूचबिहार तक बंगाल चुनाव में इन 10 जगहों पर हुई हिंसा

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं हुईं. आसनसोल में बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला हुआ, केशपुर में वोट डालने के बाद एक महिला की मौत हो गई, और मुर्शिदाबाद में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़पें हुईं.

Advertisement
X
पश्चिम बंगाल के चुनाव में मुर्शिदाबाद के नौदा में झड़प को कंट्रोल करने में जुटे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान
पश्चिम बंगाल के चुनाव में मुर्शिदाबाद के नौदा में झड़प को कंट्रोल करने में जुटे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को वोट पड़ रहे हैं. पहले चरण की ये वोटिंग हिंसा की भेंट चढ़ गई. पूरे राज्य में हिंसा का माहौल रहा. आसनसोल, मालदा, कूचबिहार, सिलीगु़ड़ी. मुर्शिदाबाद सभी जगहों पर झड़पें हुईं. उम्मीदवारों को घेर कर, दौड़ा कर पीटा गया. कहीं लाठियां चलीं, तो कहीं ईंट-पत्थर भी चले हैं. कहां-कहां क्या-क्या हुआ इस पर डालते हैं एक नजर-

1. आसनसोल में बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला
आसनसोल में बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल की कार पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया. अग्निमित्रा पॉल के मुताबिक, यह घटना बर्नपुर के रहमतनगर इलाके में तब हुई, जब वह मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए कई मतदान केंद्रों का दौरा कर रही थीं. इलाके की एक इमारत के अंदर बने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद, जब वह अपनी अगली मंज़िल की ओर जा रही थीं, तभी कथित तौर पर पीछे से उनकी गाड़ी पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया, जिससे गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया.

Bengal Election-2026

हालांकि, आगे की  सीट पर बैठीं बीजेपी लीडर बाल-बाल बच गईं, लेकिन पीछे की सीट पर बैठे उनकी सुरक्षा टीम के सदस्यों और उनके निजी सहायक को कथित तौर पर टूटे हुए शीशे से हल्की चोटें आईं. इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और सवाल उठाया कि क्या अल्पसंख्यक-बहुल इलाकों में बीजेपी प्रतिनिधियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने इस घटना को सुरक्षा में एक गंभीर चूक बताया है.

Advertisement

केशपुर में महिला की मौत
उधर, बंगाल के केशपुर में वोट डालने के बाद बूथ के सामने ही एक महिला की जान चली गई. महिला का नाम इशरतन बीबी (55) है. वह पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर विधानसभा क्षेत्र के दीघा इलाके में रहती थीं. उनके पति नवाबजान अली ने बताया - 'परिवार के चार सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं. मेरा नाम भी उसमें नहीं है. सिर्फ़ मेरी पत्नी का ही वोट था. मैं उन्हें वोट डलवाने ले गया था. मेरे पास वोट नहीं था, इसलिए मैं बूथ से बाहर निकलकर खड़ा हो गया. वोट डालने के बाद बाहर आकर, जब मेरी पत्नी एक 'टोटो' में बैठीं तो उनकी मौत हो गई.' हालांकि केशुपुर में हिसात्मक घटना नहीं दर्ज की गई है.

2. मुर्शिदाबाद, हुमांयूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
पश्चिम बंगाल के नौदा में उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर एक घटना स्थल का दौरा करने पहुंचे, जहां TMC समर्थकों और उनके बीच हिंसक झड़प हो गई. मौके पर मौजूद पुलिस के साथ हुमायूं कबीर की तीखी बहस और नोकझोंक के वीडियो सामने आए हैं.  

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुर्शिदाबाद में उपद्रवियों की एक बड़ी भीड़ ने अचानक हुमायूं कबीर की कार को घेर लिया. हमलावरों के हाथों में लाठियां, डंडे और ईंटें थीं. आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ नारेबाजी की थी. झड़प की स्थिति बनने के बाद मौके पर सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बल ने बाद में स्थिति संभाली. 

Advertisement

Bengal Election-2026

3. मालदा में TMC के ही दो गुट आपस में भिड़े
मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भिड़ गए. यह विवाद इतना बढ़ गया कि राज्य के निवर्तमान मंत्री ताज़मुल हुसैन के पैतृक गांव बांगरुआ (बूथ संख्या 200 और 201) में टीएमसी के एक चुनावी कैंप ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की गई.

4. हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति में टीएमसी के नेता स्वपन अली ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मंत्री ताज़मुल हुसैन और उनके समर्थक खुलेआम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं. स्वपन अली का आरोप है कि मंत्री के ही निर्देश पर उनके समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर टीएमसी के कैंप ऑफिस पर हमला किया, पार्टी के झंडे फाड़े और बैनरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. 

5. सिलीगुड़ी में मतदान के दौरान भिड़े TMC और बीजेपी कार्यकर्ता भिड़े
सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ स्थित बूथ संख्या 26/237 पर मतदान की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान मतदान केंद्र के बाहर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच अचानक बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी.

Advertisement

घटना के वक्त इलाके से बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे. केंद्र पर तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई और मतदान की प्रक्रिया को फिर से सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका. सिलीगुड़ी का यह इलाका संवेदनशील माना जा रहा है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

6. EVM में खराबी से वोटर भड़के
मालदा के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में, बालुआचारा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर EVM में खराबी आने के बाद तनाव फैल गया. सेक्टर अधिकारी के पहुंचने में काफी देरी होने पर वोटर भड़क गए और उन्होंने अधिकारी को घेर लिया. कई मतदाता सेक्टर अधिकारी की बांह पकड़कर उन्हें खींचते हुए और उनके साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दिए. 

7. कूचबिहार में केंद्रीय बलों का एक्शन कूचबिहार के तूफानगंज इलाके में मतदान के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख वहां तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने मोर्चा संभाला. सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज कर और भीड़ को खदेड़कर स्थिति को तितर-बितर किया. आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व मतदाताओं को डराने का प्रयास कर रहे थे, जिसके बाद जवानों को बल प्रयोग करना पड़ा.

Advertisement

Bengal Election-2026

8. बीजेपी उम्मीदवार पर लाठी और घूंसों से हमला
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज (Kumarganj) विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ के भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि सुवेंदु सरकार को सूचना मिली थी कि एक विशेष बूथ पर 'बूथ जैमिंग' की जा रही है. जब वे अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे, तो उन पर लाठियों और घूंसों से हमला किया गया. सुवेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में टीएमसी के गुंडों ने उन्हें पीटा.

9. बीरभूम में CRPF जवानों पर पथराव
दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 65, बुधपुर प्राथमिक विद्यालय में आज गुस्साए मतदाताओं ने सीआरपीएफ जवानों पर पथराव कर दिया. जानकारी के मुताबिक, वोटिंग मशीन में खराबी आने के बाद स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़कर धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गया. स्थिति बिगड़ने पर सीआरपीएफ को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.लाठीचार्ज के जवाब में भीड़ ने जवानों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. हालात को काबू में करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

Advertisement

10. गाड़ी में EVM मिलने का दावा
जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम को लेकर विवाद हो गया. श्रीपुर इलाके में एक सड़क किनारे ढाबे के पास खड़ी एक गाड़ी में ईवीएम मिलने का आरोप सामने आया है, जिससे चुनावी माहौल गरमा गया. स्थानीय लोगों और विपक्षी नेताओं का कहना था कि 'ऑन इलेक्शन ड्यूटी- जमुरिया AC 279' लिखी गाड़ी में कई रिजर्व EVM रखी हुई थीं, लेकिन मौके पर कोई सुरक्षा कर्मी नहीं था

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement