scorecardresearch
 

केरलम में शशि थरूर के काफिले पर हमला, बीच सड़क पर घेरी गाड़ी, गनमैन को भी पीटा

हालात बिगड़ता देख शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई, जिससे मौके पर काफी तनाव फैल गया.

Advertisement
X
केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है.(Photo- ITG)
केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है.(Photo- ITG)

केरलम के मलप्पुरम जिले के वंडूर (Wandoor) इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ बदसलूकी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जा रहे शशि थरूर के वाहन को अज्ञात हमलावरों ने न केवल रोका, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है.

थरूर की टीम के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. शशि थरूर पहले वाहन में सवार थे. अचानक दो कार में सवार होकर आए करीब 8 लोगों ने बीच सड़क पर थरूर की गाड़ी को जबरन रुकवा लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका और कार के शीशों को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया.

जब स्थिति बिगड़ती देख शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई, जिससे मौके पर काफी तनाव फैल गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.

इस बीच थरूर ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'कल रात हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर आप सभी के संदेशों और कॉल्स से व्यक्त की गई चिंता से मैं सचमुच भावुक हो गया हूं. मेरे सुरक्षा गार्ड पर हमला हुआ था, वह अब ठीक हैं और मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं. सभी मित्रों और शुभचिंतकों का धन्यवाद. हमने बिना डरे कल अपने निर्धारित दो कार्यक्रम पूरे किए और हमारा चल रहा कार्यक्रम भी प्रभावित नहीं हुआ है.'

Advertisement

यह भी पढ़ें: Kerala Election Schedule 2026: केरल विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान, एक फेज में होगा मतदान, 9 अप्रैल को वोटिंग

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लिया है. अब यह जांच का विषय है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या किसी सड़क विवाद का नतीजा है. 

आपको बता दें कि केरलम विधानसभा के 140 सदस्यों के चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं. वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला एलडीएफ (CPIM के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा), यूडीएफ (कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) और भाजपा ने नेतृत्व वाले एनडीए के बीच में है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement