पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए अब महज कुछ ही दिन बचे हुए हैं. राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी का संकल्प जारी किया. साथ ही उन्होंने टीएमसी द्वारा हुमायूं कबीर और बीजेपी के मिलीभगत के आरोपों पर जवाब देते हुए साफ कर दिया है कि वह हुमायूं कबीर और भारतीय जनता पार्टी साउथ पोल और नॉर्थ पोल हैं.
मीडियाकर्मी ने सवाल पूछा कि आज आपने संकल्प पत्र जारी किया है. लेकिन इस बीच तृणमूल कांग्रेस की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया है हुमायूं कबीर को लेकर, जिसमें कहा गया है कि भाजपा ने हजार करोड़ रुपए हुमायूं कबीर को दिए हैं ताकि वोट का ध्रुवीकरण हो जाए. इसमें दो मुख्यमंत्रियों का भी नाम लिया गया है. भाजपा इस पर क्या कहेगी?
इस पर जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा, 'आप ममता जी की क्षमताओं से अनजान हो. ममता ऐसे दो हजार वीडियो बना सकती हैं. हुमायूं कबीर और भारतीय जनता पार्टी साउथ पोल और नॉर्थ पोल हैं, कभी हमारा मेल नहीं हो सकता. हम बाबरी मस्जिद बंगाल में बनाने वाले के साथ बैठने से बेहतर समझते हैं कि 20 साल तक विपक्ष में बैठें.'
टीएमसी ने क्या आरोप लगाया था?
9 अप्रैल 2026 को टीएमसी ने एक वीडियो जारी किया जो काफी वायरल हो गया. इस वीडियो में कथित तौर पर हुमायूं कबीर दिख रहे हैं. वे पहले टीएमसी में थे और अब एक नई पार्टी के नेता हैं. वीडियो में कबीर कह रहे हैं कि बीजेपी उन्हें 1000 करोड़ रुपये दे रही है. इसमें से 200-300 करोड़ रुपये पहले ही दे दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: BJP संग 1000cr की 'डील' या AI वीडियो? 14 दिनों में ही टूटी ओवैसी-हुमायूं कबीर की जोड़ी
बदले में वे मुस्लिम वोटों को बांटने का काम करेंगे ताकि टीएमसी को नुकसान हो. उनका मकसद ममता बनर्जी की सरकार गिराना बताया गया है. वीडियो में उन्होंने कहा कि वे 100 से 120 सीटों पर असर डाल सकते हैं.
इसके अलावा वीडियो में बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के नाम भी लिए गए हैं.
टीएमसी ने इसे बीजेपी की बड़ी साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि यह वोट खरीदने और लोगों को धर्म के नाम पर बांटने की योजना है. टीएमसी ने ED से इसकी जांच करने की मांग की है.
हुमायूं कबीर की सफाई
हुमायूं कबीर ने इस वीडियो को पूरी तरह फेक बताया है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो AI से बनाया गया है. कबीर का कहना है कि ममता बनर्जी उनसे बहुत डर गई हैं, इसलिए उन्होंने यह वीडियो बनवाया है. उन्होंने कहा कि वे टीएमसी और ममता बनर्जी के खिलाफ मानहानि का केस करेंगे. कबीर ने इसे भी एक साजिश करार दिया है.