scorecardresearch
 

ईरान युद्ध के बीच अमित शाह का बड़ा ऐलान- न लगेगा लॉकडाउन, न होगी तेल की किल्लत!

असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुवाहाटी में बीजेपी के मेगा रोड शो के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने ईरान युद्ध से जुड़ी तमाम अफवाहों पर विराम लगा दिय. उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए साफ कहा कि भारत इस वैश्विक संकट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. शाह ने जनता को आश्वस्त किया कि किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार ने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए पहले से ही पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं.

Advertisement
X
गुवाहाटी की सड़कों पर शाह का शक्ति प्रदर्शन (Photo: PTI)
गुवाहाटी की सड़कों पर शाह का शक्ति प्रदर्शन (Photo: PTI)

दुनिया भर में इस वक्त अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग की ही बातें हो रही हैं. भारत में भी इसे लेकर लोगों के मन में कई तरह के डर बैठ गए थे. सोशल मीडिया पर तो तरह-तरह की बातें होने लगीं कि कहीं कोरोना के दिनों की तरह फिर से लॉकडाउन न लग जाए या पेट्रोल-डीजल मिलना बंद न हो जाए. लेकिन अब देश के गृह मंत्री अमित शाह ने खुद सामने आकर इन सभी अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है.

असम विधानसभा चुनाव के लिए गुवाहाटी में एक रोड शो के दौरान अमित शाह ने जनता से सीधी बात की. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी घबराने की रत्ती भर भी जरूरत नहीं है. गृह मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि 'देश में लॉकडाउन लगाने का सरकार का कोई इरादा नहीं है और न ही ऐसी कोई बात सोची जा रही है.' उनके मुताबिक, देश के हालात पूरी तरह सामान्य हैं और सरकार हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है.

अमित शाह ने बातचीत के दौरान साफ कहा कि लॉकडाउन का तो सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने माना कि पूरी दुनिया में संकट के बादल हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बहुत ही पुख्ता इंतजाम किए हैं.  उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और सप्लाई पहले की तरह ही चलती रहेगी. गृह मंत्री के इस बयान ने उन करोड़ों लोगों की टेंशन दूर कर दी है, जो आने वाले दिनों को लेकर फिक्रमंद थे.

Advertisement

'पैनिक बाइंग' से बचें, हमारे पास स्टॉक भरपूर है

गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब डर की वजह से कई जगहों पर लोग पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगाने लगे थे या घर का राशन जमा करने की सोच रहे थे. सरकार ने साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के बावजूद भारत का सप्लाई सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है. असल में, पिछले 10 सालों में भारत ने अपने तेल भंडार को काफी मजबूत किया है. यह एक तरह का 'इमरजेंसी कोटा' होता है, जो संकट के समय देश की जरूरतों को पूरा करता है. पीएम मोदी ने भी सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर यह संदेश दिया है कि हम एक टीम की तरह काम करेंगे ताकि आम आदमी पर इस जंग का असर न पड़े.

सिर्फ गृह मंत्री ही नहीं, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कुछ दिन पहले लोगों से अपील की थी कि वे 'पैनिक बाइंग' यानी घबराकर जरूरत से ज्यादा सामान न खरीदें. उन्होंने माना कि समुद्री रास्तों पर थोड़ी हलचल जरूर है, लेकिन भारत के पास स्टॉक की कोई कमी नहीं है. साथ ही सरकार अब रसोई गैस सिलेंडर के बजाय पाइप वाली गैस (PNG) के नेटवर्क को भी तेजी से बढ़ा रही है, जिससे भविष्य में गैस की किल्लत जैसी नौबत ही न आए.

Advertisement

अमित शाह की इस बात से अब यह साफ हो गया है कि सरकार हर छोटी-बड़ी हलचल पर नजर रखे हुए है. उन्होंने सीधा संदेश दिया है कि देश की अर्थव्यवस्था और जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी. सोशल मीडिया पर चल रही लॉकडाउन की खबरों को उन्होंने पूरी तरह कोरी अफवाह करार दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement