कोच्चि के एलनकु्न्नापुझा इलाके में बदमाशों के एक गिरोह ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया. घटना इलाके के एक पेट्रोल पंप की है. मंगलवार देर रात निजी बस कर्मचारियों पर हमले की सूचना मिलते ही नजारक्कल पुलिस स्टेशन में तैनात उपनिरीक्षक जितिन और कांस्टेबल रागेश मौके पर पहुंचे थे.
पुलिस के मुताबिक, हत्या के एक मामले में आरोपी मुन्ना की अगुवाई वाले गिरोह ने पहले एक बस चालक पर हमला किया था. इसी मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी वहां पहुंचे. आरोप है कि इस दौरान गिरोह के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे को इलाज के बाद बुधवार सुबह छुट्टी दे दी गई.
पुलिस ने घटना के कुछ समय बाद तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी. हिरासत में लिए गए तीन आरोपियों में से दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले में शामिल लोगों ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं.
यह भी पढ़ें: कोच्चि आगजनी में आतंकी कनेक्शन? टेलीग्राम चैट से खुले कई राज़, अब पुलिस कर रही जांच
पेट्रोल पंप पर जुटाए जाएंगे सबूत
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस आरोपियों को पेट्रोल पंप ले जाएगी. वहां वारदात से जुड़े सबूत जुटाए जाएंगे, ताकि हमले की पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके.
अलुवा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के. एस. सुदर्शन ने बताया कि पुलिस विभाग इस घटना को गंभीरता से ले रहा है. उन्होंने साफ किया कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.
अब जांच का फोकस इस बात पर है कि बस चालक पर हमला कैसे शुरू हुआ, पुलिसकर्मियों पर वार क्यों किया गया, साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे मामले में नशे की भूमिका थी या नहीं.