पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में बिरयानी के कारोबार को लेकर दो दुकानों के बीच ऐसी दुश्मनी हुई जिसका खामियाजा वहां मौजूद ग्राहक को उठाना पड़ा. बिरयानी बेचने के इस विवाद में बदमाशों ने आकर एक चर्चित दुकान में गोलीबारी कर दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए.
मामला बंगाल के नॉर्थ 24 परगना का है जहां बैरकपुर में बिरयानी की चर्चित दुकान डी बापी पर यह हमला हुआ. बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए हैं. यह दुकान बैरकपुर में वायरलेस मोड़ पर स्थित है.
सोमवार की दोपहर बाइक सवार तीन बदमाश आए और उन्होंने दुकान के अंदर अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. घायलों में से एक दुकान का कर्मचारी है जबकि दूसरा ग्राहक है.
इस गोलीबारी की घटना के बाद दोनों घायलों को बैरकपुर के बीएन बोस सब डिवीजन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब टीटागढ़ पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक हमले का कारण कारोबारी रंजिश है.
दुकान के मालिक अनिर्बान दास ने कहा, 'मेरे पिता ने मुझे घटना के बारे में बताया और मैं यहां आया, बदमाशों ने 2 से 3 बार फायरिंग की. एक ग्राहक और हमारा एक कर्मचारी घायल हो गया है, हम साफ तौर पर नहीं कह सकते हैं कि इस घटना के पीछे किसका हाथ है.' अनिर्बान दास ने कहा, हमलावरों द्वारा मेरे पिता को गंभीर परिणाम भुगतने की फोन पर धमकी भी दी गई है. (इनपुट - ऋत्विक)
ये भी पढ़ें: