महाराष्ट्र के नागपुर में खुद को चमत्कारी बाबा बताने वाले संजय शिरोडे को एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के परिवार को उनके 21 वर्षीय बेटे को मथाड़ी (हमाल) की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था. इससे पहले अशोक खरात का नाम सामने आया था. अशोक खरात जेल में बंद है.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और उसके पति की मुलाकात 16 जून को संजय शिरोडे से हुई थी. आरोपी ने दावा किया कि विशेष पूजा कराने से उनके बेटे की नौकरी लग जाएगी. इसके बाद वह परिवार के घर पहुंचा और पूजा कराने की बात कही.
27 जून को पूजा के दौरान आरोपी ने महिला के पति और बेटे को कुछ जड़ें लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया. इसी दौरान उसने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पति की हत्या कराने की धमकी भी दी.
धमकी के कारण महिला कई दिनों तक चुप रही. हालांकि, 5 जुलाई को जब आरोपी ने दोबारा परिवार से संपर्क किया, तब महिला ने पूरी घटना अपने पति को बताई. इसके बाद दंपति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या संजय शिरोडे ने इसी तरह नौकरी और धार्मिक अनुष्ठान का झांसा देकर अन्य परिवारों को भी अपना शिकार बनाया था. मामले की जांच जारी है.