scorecardresearch
 

अहमदाबाद: ट्रैवल्स ऑफिस के पार्सल बॉक्स में धमाके से दहला इलाका, जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

अहमदाबाद के पालड़ी इलाके में फाल्कन बस एंड कार्गो ट्रैवल्स ऑफिस में रखे पार्सल बॉक्स में अचानक विस्फोट हो गया. जिससे हर तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया. इस मामले की जांच के लिए पुलिस और एफएसएल टीम को बुलाया गया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है (फोटो-ITG)
जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है (फोटो-ITG)

अहमदाबाद के पालड़ी इलाके में स्थित फाल्कन बस एंड कार्गो ट्रैवल्स कंपनी के ऑफिस में रखे एक पार्सल बॉक्स में अचानक विस्फोट हो गया. धमाके की तेज आवाज सुनते ही ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस विस्फोट में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई. लेकिन धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि ऑफिस के बोर्ड और आसपास रखे फर्नीचर को नुकसान पहुंचा.

धमाके से दहला इलाका
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. ट्रैवल्स कंपनी के ऑफिस में अचानक हुए धमाके से वहां मौजूद लोग घबरा गए और बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने पूरे ऑफिस को खाली करवाकर इलाके की घेराबंदी कर दी और मामले की जांच शुरू कर दी.

सामने आई असली वजह
पुलिस ने जब उस पार्सल बॉक्स की जांच की जिसमें धमाका हुआ था, तो एक अहम जानकारी सामने आई. जांच में पता चला कि पार्सल के अंदर एक स्प्रे की बोतल रखी हुई थी. प्राथमिक जांच के मुताबिक उसी स्प्रे बोतल के कारण विस्फोट हुआ. पुलिस ने पार्सल के अंदर रखे अन्य सामान की भी जांच की और यह पता लगाने की कोशिश की कि स्प्रे बोतल के कारण धमाका कैसे हुआ?

Advertisement

FSL टीम और पुलिस कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया. एफएसएल टीम ने पार्सल के अवशेषों और आसपास के इलाके से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्सल किसने भेजा था और इसे किसे रिसीव करना था. इसके लिए ट्रैवल्स कंपनी के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.

अन्य पार्सलों की भी जांच
घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से ऑफिस में रखे अन्य सभी पार्सलों की भी जांच की गई. पुलिस ने बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर पार्सल को चेक किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी अन्य पार्सल में कोई संदिग्ध या खतरनाक सामान न हो. पुलिस का कहना है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. हालांकि अगर जांच में ट्रैवल्स कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. फिलहाल पुलिस पार्सल भेजने वाले और उसे रिसीव करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement