scorecardresearch
 

पश्चिम बंगाल की ये 10 कंपनियां, आज भी इनका डंका, बनाते हैं एक से बढ़कर एक सामान

From Bengal to the World: पश्चिम बंगाल की खूब चर्चा हो रही है, पहली बार इस राज्य में बीजेपी सरकार बनाने जा रही है. करीब दो दशक पहले ये राज्य रोजगार का हब हुआ करता था. अभी भी कोलकाता में एक से बढ़कर एक कंपनियां हैं.

Advertisement
X
पश्चिम बंगाल की मशहूर कंपनियां. (Photo: ITG)
पश्चिम बंगाल की मशहूर कंपनियां. (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. आर्थिक तौर पर भी पश्चिम बंगाल का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है. दशकों से पश्चिम बंगाल भारत का एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र रहा है, जिसकी आर्थिक नींव ऐतिहासिक रूप से जूट, लोहा और इस्पात जैसे उद्योगों पर टिकी है. पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ आईटी, एफएमसीजी (FMCG), और मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में इस राज्य का अहम योगदान है. पश्चिम बंगाल के खासकर कोलकाता में तमाम बड़ी कंपनियां हैं, जिसे दुनिया जानती है. आइए ऐसी ही 10 बड़ी कंपनियों के बारे में जानते हैं. 

1. ITC लिमिटेड (ITC Limited)
यह कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित कंपनियों में से एक है. इस ग्रुप का कारोबार देश-विदेश में फैला हुआ है. इस कंपनी की शुरुआत 'इंपीरियल टोबैको कंपनी' के रूप में हुई थी, आज ITC लिमिटेड एक बहुत बड़ा ग्रुप है. इस ग्रुप का कारोबार FMCG, होटल, कृषि-व्यवसाय और पेपरबोर्ड/पैकेजिंग में फैला हुआ है. 

2. कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Limited)
कोल इंडिया लिमिटेड भारत सरकार के स्वामित्व वाली दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है. भारत की ऊर्जा सुरक्षा में इसकी भूमिका प्राथमिक है, जो देश के अधिकांश थर्मल पावर प्लांटों के लिए कोयले की आपूर्ति करती है. इस कंपनी का मुख्यालय कोलकाता के न्यू टाउन में है. इस कंपनी की स्थापना 1975 में हुई थी. 

3. Emami Group
इमामी लिमिटेड (Emami Limited) ग्रुप के बारे में आज हर कोई जानता है. देश की नामी कंपनी है, इसकी शुरुआत साल 1974 में दो दोस्तों, राधेश्याम अग्रवाल और राधेश्याम गोयनका द्वारा कोलकाता में की गई थी. फिलहाल यह कंपनी भारतीय एफएमसीजी क्षेत्र का एक बड़ा नाम है. इनके प्रमुख ब्रांडों में 'बोरोप्लस', 'नवरत्न तेल', 'झंडू बाम' और 'फेयर एंड हैंडसम' शामिल हैं. मुख्य तौर इस कंपनी का कारोबार हेल्थ और कॉस्मैटिक पर केंद्रित है. 

Advertisement

4. एक्साइड इंडस्ट्रीज (Exide Industries)
एक्साइड इंडस्ट्रीज भारत की सबसे बड़ी बैटरी निर्माता कंपनी है. ऑटोमोटिव, औद्योगिक और पनडुब्बी बैटरी के निर्माण में इसका दबदबा है. भारत में वाहनों की शुरुआत के साथ ही एक्साइड का नाम इस उद्योग का पर्याय बन गया. इस कंपनी का मुख्यालय कोलकाता के साल्ट लेक में है. साल 1947 में इस कंपनी की शुरुआत हुई थी. 

5. बर्जर पेंट्स इंडिया (Berger Paints India)
आजादी से पहले इस कंपनी की नींव पश्चिम बंगाल में रखी गई थी. बर्जर पेंट्स भारत की दूसरी सबसे बड़ी पेंट निर्माता कंपनी है. हालांकि इसका मूल इतिहास पुराना है, आज यह एक वैश्विक स्तर की कंपनी है. इसका मुख्यालय कोलकाता के पार्क स्ट्रीट में है.  

6. बंधन बैंक (Bandhan Bank)
प्राइवेट सेक्टर बैंक में बंधन बैंक आज एक भरोसे का नाम है. कोलकाता से इसकी शुरुआत हुई थी. यह एक माइक्रो फाइनेंस संस्थान के रूप में शुरू हुआ और बाद में पूरी तरह से बैंक बन गया, इस बैंक का कारोबार मुख्य रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी भारत में है. कोलकाता में बंधन बैंक की स्थापना एक छोटे वित्तीय संस्थान के तौर पर साल 2001 में हुई थी, साल 2015 में बैंक के रूप में तब्दील हो गया. इसका मुख्यालय कोलकाता साल्ट लेक इलाके में है. 

Advertisement

7. ईवरेडी इंडस्ट्रीज इंडिया (Eveready Industries India)
Eveready इंडस्ट्रीज का नाम भारत में बैटरी और फ्लैशलाइट के साथ लगभग एक सदी से जुड़ा हुआ है. यह कंपनी आज भी भारतीय घरों में पोर्टेबल एनर्जी सॉल्यूशन का प्रमुख नाम बनी हुई है. ईवरेडी कंपनी की शुरुआत साल 1905 में हुई थी, और इसका मुख्यालय कोलकाता में है. 

8. Lux Industries Limited 
लक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Lux Industries Limited) भारत की टॉप इनरवियर और होजरी निर्माता कंपनियों में से एक है. साल 1963 में 'बिस्वास होजरी' के रूप में एक छोटी शुरुआत के बाद आज यह कंपनी 'Lux Cozi' जैसे लोकप्रिय ब्रांड के माध्यम से बाजार में अपना दबदबा बनाए हुए है. कंपनी की सफलता का मुख्य आधार इसका मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और मार्केटिंग रणनीति है. लक्स आज न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है. यह कंपनी कोलकाता से संचालित होती है. 

9. IFB इंडस्ट्रीज
IFB इंडस्ट्रीज (इंडियन फाइन ब्लैंक लिमिटेड) एक प्रमुख भारतीय कंपनी है, जिसका मुख्यालय कोलकाता में है. यह कंपनी मुख्य रूप से होम अप्लायंसेज जैसे वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन और डिशवॉशर के लिए जानी जाती है. इसके अलावा कंपनी ऑटोमोटिव प्रोडक्ट के निर्माण में भी एक अग्रणी नाम है. बेस्ट क्वालिटी और हाईटेक के लिए IFB ने भारतीय बाजार में एक मजबूत पहचान बनाई है. 

Advertisement

10. आरपी-संजीव गोयंका ग्रुप (RP-Sanjiv Goenka Group)
आरपी-संजीव गोयंका ग्रुप का मुख्यालय कोलकाता में है. यह ग्रुप कई सेक्टर्स में सक्रिय है, जिसमें बिजली वितरण (CESC), कार्बन ब्लैक निर्माण (PCBL) और रिटेल सेक्टर शामिल है. इस समूह का इतिहास शहर के औद्योगिक विकास के साथ गहराई से जुड़ा हुआ है.

गौरतलब है कि इन कंपनियों के मुख्यालय का कोलकाता में होना यह दर्शाता है कि पश्चिम बंगाल का औद्योगिक आधार आज भी कितना मजबूत और टिकाऊ है. ये कंपनियां न केवल रोजगार पैदा कर रही हैं, बल्कि शहर को एक महत्वपूर्ण कॉर्पोरेट हब के रूप में भी बनाए रखती हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement