पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के बाद सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के चेहरे पर टिकी हैं. वैसे बीजेपी ने कई राज्यों में पिछले कुछ वर्षों में चौंकाने वाले चेहरे CM पद के लिए दिए हैं. लेकिन खबरों की मानें तो तमाम नामों के बीच शुभेंदु अधिकारी सबसे बड़ा चेहरा बने हुए हैं.
क्या बीजेपी शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल की कमान सौंपेगी? ये बड़ा सवाल है. वैसे शुभेंदु का कद बीजेपी में काफी बढ़ गया है, उन्होंने लगातार दो चुनावों में ममता बनर्जी को शिकस्त दी है. पार्टी को पश्चिम बंगाल में मजबूत करने के पीछे इनकी कड़ी मेहनत और बड़ी भूमिका रही है.
शुभेंदु अधिकारी के बारे में हर कोई जानना चाहता है. इनके परिवार में कौन- कौन है, इनके पास कितनी संपत्ति है. चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के मुताबिक, Suvendu Adhikari की नेटवर्थ (Net worth) एक करोड़ रुपये से भी कम है.
करोड़पति नहीं हैं शुभेंदु अधिकारी
पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल करने वाले अधिकारी ने विधानसभा चुनाव नॉमिनेशन के समय चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे में अपनी नेटवर्थ का खुलासा किया था और इसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, उनकी कुल नेटवर्थ 85.87 लाख रुपये बताई गई है, जबकि उनके ऊपर किसी भी तरह का कोई कर्ज नहीं है.
बैंक खातों में जमा इतनी रकम
चुनाव से पहले शुभेंदु अधिकारी ने अपने पास 12,000 रुपये कैश और PNB, SBI और IDBI Bank समेत अन्य बैंकों में उनके खातों में करीब 7 लाख रुपये जमा होने की जानकारी दी थी. बैंक डिपॉजिट के अलावा NSS, Postal Saving में भी उन्होंने लाखों की रकम निवेश की है. उनके नाम पर खुले पोस्टल सेविंग अकाउंट में 60 हजार रुपये, किसान विकास पत्र खाते में 2.60 लाख रुपये, NSC Certificate में करीब 5 लाख रुपये जमा किए हैं. इसके अलावा उन्होंने शेयर, बॉन्ड्स में करीब 14000 रुपये लगाए हैं.
शुभेंदु के पास LIC की छह पॉलिसी
शुभेंदु अधिकारी ने एक नहीं, बल्कि कई एलआईसी पॉलिसीज ली हुई हैं और सभी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन की हैं. उनकी एक LIC Policy में 6 लाख रुपये जमा हैं, जबकि अन्य पांच पॉलिसियों को मिलाकर कुल 7 लाख रुपये का निवेश किया गया है. इसके अलावा उनका कोई निवेश नहीं है. न ही उनके पास कोई कार या बाइक है, न ही शुभेंदु अधिकारी के पास किसी भी तरह के सोना-चांदी के आभूषण (Gold-Silver Jewellery) है.
अधिकारी के पास इतनी अचल संपत्ति
शुभेंदु अधिकारी के पास अचल संपत्ति के तौर पर 9 लाख रुपये की कृषि भूमि (Agricultural Land) है, जबकि 27 लाख रुपये के आसपास कीमत की नॉन एग्रीकल्चर लैंड-प्लॉट दर्ज हैं. उनके नाम पर कोई कमर्शियल बिल्डिंग नहीं है, जबकि रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की बात करें, तो शुभेंदु अधिकारी के नाम पर तीन घर-फ्लैट हैं. इनकी कीमत चुनावी हलफनामे में 24.75 लाख रुपये बताई गई थी.
परिवार में कौन-कौन?
शुभेंदु अधिकारी ने शादी नहीं की है, उनके भाई सौमेंदु अधिकारी भी बीजेपी में है. शुभेंदु के एक भाई दिब्येंदु अधिकारी भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद रह चुके हैं. इनके पिता शिशिर अधिकारी भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं. शिशिर अधिकारी तीन बार सांसद रह चुके हैं.