सोना-चांदी की कीमतों के क्रैश (Gold-Silver Rate Crash) होने का सिलसिला जारी है. ट्रंप के ईरानी एनर्जी साइट्स पर अटैक के प्लान को पांच दिन के लिए टालने के ऐलान के बाद कीमती धातुओं का भाव भर-भराकर टूटा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर मंगलवार को चांदी पिछले बंद की तुलना में करीब 4.5 फीसदी या 11,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई और इस ताजा गिरावट के बाद अब अपने हाई लेवल से 1 Kg Silver Price 2.06 लाख रुपये से ज्यादा कम है.
चांदी की तरह सोने की कीमत में भी गिरावट जारी है. सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन ये कीमती पीली धातु और सस्ती हो गई है. सोमवार को बुरी तरह टूटने के बाद ये करीब 2500 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया है.
खुलते ही धड़ाम हुआ चांदी का भाव
सबसे पहले बात करते हैं चांदी की कीमत में मंगलवार को आई गिरावट के बारे में, तो बीते कारोबारी दिन चांदी तेज गिरावट के साथ 2 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गई थी, लेकिन इस स्तर तक टूटने के बाद रिकवरी भी देखने को मिली थी और MCX Silver Price 2,25,167 रुपये पर क्लोज हुआ था. वहीं इसकी ओपनिंग 2,13,562 रुपये पर हुई. इस हिसाब से एक झटके में चांदी 11,605 रुपये सस्ती हो गई.
चांदी के हाई लेवल से तुलना करें, तो अभी चांदी का भाव इस स्तर से करीब आधा बना हुआ है. दरअसल, बीते 29 जनवरी को पहली बार वायदा चांदी 4 लाख रुपये के पार निकली थी और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफ टाइम हाई लेवल छुआ था. लेकिन इसके बाद ये क्रैश (Silver Price Crash) होती चली गई और फिलहाल 2,06,486 रुपये तक सस्ती मिल रही है.
आखिर कब संभलेगा सोना?
चांदी जैसा ही हाल, सोने के भाव का भी है. MCX Gold Rate पर नजर डालें, तो 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाली सोना मंगलवार को खुलते ही अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 2,576 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया. सोमवार को पहले तेज गिरावट और फिर रिकवरी के बाद 10 Gram 24 Karat Gold Rate 1,39,260 रुपये पर क्लोज हुआ था और कारोबार ओपन होने पर ये भी गिरकर 1,36,684 रुपये पर आ गया.
अगर सोने के हाई लेवल से गिरावट की तुलना करें, तो इसने भी 29 जनवरी को ही 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ था और मंगलवार को आई गिरावट के बाद अब ये 56,412 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता मिल रहा है.
विदेशों में भी सोना-चांदी सस्ता, ये हैं कारण
इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है. COMEX पर सोना करीब 2 फीसदी गिरकर 4317 डॉलर प्रति औंस (करीब 28 ग्राम) पर आ गया, तो चांदी की कीमत गिरकर 66.89 डॉलर प्रति औंस पर नजर आई.
Gold-Silver Rates में जारी गिरावट के पीछे के कारणों की बात करें, तो मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते महंगाई बढ़ने का खतरा लोगों को सता रहा है. दूसरी ओर अमेरिकी फेड रिजर्व द्वारा बीते सप्ताह ब्याज दरों में कटौती न करने के फैसले ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया है. ग्लोबल इकोनॉमिक ग्रोथ को लेकर जारी अनिश्चितता ने भी इस गिरावट को रफ्तार देने का काम किया है. इसके अलावा मंगलवार को भी अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ, जिसका दबाव सोना-चांदी पर पड़ा.
(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वप ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)