8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच चर्चा तेज हैं. खासकर सैलरी और पेंशन को लेकर हर दिन नया कैलकुलेशन सामने आ रहा है. वहीं पेंशनर्स ने 8वें वेतन आयोग के तहत कुछ ऐसी मांगे रखी हैं, जिसको अगर मान लिया जाता है तो पेंशनर्स की पेंशन में तेज उछाल होगा.
स्टाफ-साइड नेशनल काउंसिल (NC-JCM) ने 8वें वेतन आयोग के तहत 3.833 के फिटमेंट फैक्टर और सालाना इंक्रीमेंट को 3% से बढ़ाकर 6% करने की मांग की है. ऐसे में आइए समझते हैं कि इस फिटमेंट फैक्टर पर कर्मचारियों की पेंशन में कितना उछाल होगा?
अभी किस हिसाब से कैलकुलेट होता है पेंशन?
हालांकि, 8वें वेतन आयोग में पेंशन के गणित को समझने से पहले यह जान लेते हैं कि अभी कर्मचारियों को किस आधार पर पेंशन दी जाती है. अभी पेंशन का फॉर्मूला, बेसिक पे का 50 फीसदी और उसके ऊपर महंगाई राहत और अन्य अलाउंस जोड़ा जाता है.
50 हजार बेसिक पे पर इतनी बेसिक पेंशन
अगर मान लीजिए किसी कर्मचारी का बेसिक पे 50,000 रुपये है तो उसका बेसिक पेंशन 25,000 रुपये होगा. इसके ऊपर महंगाई राहत और अन्य अलाउंस जोड़कर पेंशन की रकम आपके अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है.
8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी पेंशन?
अब अगर मान लीजिए सरकार 3.83 फिटमेंट फैक्टर को मंजूरी दे देती है तो 25 हजार रुपये बेसिक पेंशन बढ़कर 95,750 रुपये प्रति महीना हो जाएगा. फिर उसके ऊपर अन्य अलाउंस जोड़ दिया जाएगा. इसके बाद अगर अगले साल 6 फीसदी का इंक्रीमेंट किया जाए तो यह बेसिक पेंशन बढ़कर 1 लाख रुपये के पार पहुंच जाएगी.