शेयर बाजार में मंगलवार को एक शेयर में तगड़ी गिरावट देखने को मिली, क्योंकि एक खबर आई की वह अपने सहायक कंपनी को मर्ज करने जा रही है. इसके बाद कंपनी के शेयर करीब 12 फीसदी गिराकर 424.60 रुपये पर आ गए. पिछले पांच दिन के दौरान इस शेयर में 14.41% की गिरावट देखी गई है.
यह कंपनी इंडो बोरेक्स एंड केमिकल्स है, जिसने 21 जुलाई को हुई बोर्ड बैठक में कंपनी ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी इंडोबोरेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के विलय को मंजूरी दी है. विलय पूरा होने के बाद इंडोबोरेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर का अलग अस्तित्व खत्म हो जाएगा और उसका पूरा कारोबार इंडो बोरेक्स एंड केमिकल्स में शामिल हो जाएगा.
कंपनी के बोर्ड में अभी ये प्रस्ताव रखा गया है, जिसपर बोर्ड के सदस्यों ने मंजूरी का ऐलान किया है. इस योजना को लागू करने के लिए कंपनी को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल यानी एनसीएलटी की मुंबई बेंच से मंजूरी लेनी होगी. इसमें किसी को भी नए शेयर नहीं मिलेंगे, बल्कि बराबर हिस्सेदारी जारी की जाएगी.
क्या काम करती है कंपनी?
इंडोबोरेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड मकान बनाने और रियल एस्टेट से जुड़े कारोबार में है. इसके मुकाबले इंडो बोरेक्स एंड केमिकल्स का मुख्य कारोबार केमिकल प्रोडक्ट बनाने का है. कंपनी बोरिक एसिड टेक्निकल ग्रेड पाउडर, बोरिक एसिड ग्रैन्युलर, बोरिक एसिड आईपी ग्रेड, डाई-सोडियम ऑक्टाबोरेट टेट्राहाइड्रेट और बोरोन ऑक्साइड जैसे प्रोडक्ट बनाती है.
क्यों गिर रहा ये शेयर?
शेयर में गिरावट के पीछे मुनाफावसूली, ज्यादा कीमत पर पहुंच चुका शेयर, प्रमोटर्स की घटती हिस्सेदारी, पूरी प्रमोटर हिस्सेदारी गिरवी होना या बाजार की दूसरी चिंताएं भी हो सकती हैं. शेयर में गिरावट सिर्फ विलय को नहीं माना जा सकता है.
कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन
कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन की बात करें तो आज यह 11 फीसदी से ज्यादा गिरा है, जबकि 1 महीने में 19 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं छह महीने में इस शेयर में 80 फीसदी की तेजी आई है. अप्रैल 2022 की तुलना में अभी तक यह शेयर 180 फीसदी चढ़ चुका है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)