कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) होंगे. सिद्धारमैया सरकार की विदाई हो रही है और गुरुवार दोपहर वह लोकभवन पहुंचकर सीएम पद से इस्तीफा देंगे. खुद सिद्धारमैया ने अपने इस्तीफे से पहले अगले मुख्यमंत्री के रूप में डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा है. बता दें कि राज्य के सीएम बनने जा रहे शिवकुमार की गिनती सबसे अमीर नेताओं में की जाती है और इसका अंदाजा उनकी नेटवर्थ देखकर आसानी से लगाया जा सकता है.
विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे में डीके शिवकुमार ने अपनी चल-अचल संपत्ति का खुलासा किया था. इसमें उन्होंने अपनी नेटवर्थ (DK Shivakumar Networth) 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई थी. जहां उनके नाम पर शॉपिंग मॉल समेत अन्य महंगी कमर्शियल प्रॉपर्टीज हैं, तो वहीं शेयर बाजार में भी उन्होंने करोड़ों रुपये का निवेश किया है.
CM बनने जा रहे शिवकुमार की इतनी संपत्ति
कर्नाटक के सीएम बनने जा रहे डीके शिवकुमार की कुल संपत्ति का आंकड़ा देखें, तो मायनेता डॉट कॉम पर अपलोड चुनावी एफिडेबिट में उन्होंने बताया था कि उनके व परिवार की कुल नेटवर्थ 1413 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जबकि कर्ज की बात करें, तो ये भी 503 करोड़ रुपये बताया गया.
डीके शिवकुमार और उनके परिवार के तमाम बैंक खातों में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा का डिपॉजिट का खुलासा किया गया था. तमाम एसेट्स को मिलाकर उन्होंने अपनी चल संपत्ति 244 करोड़ रुपये और परिवार समेत 273 करोड़ रुपये बताई थी. वहीं अचल संपत्ति 970 करोड़ रुपये, जबकि परिवार समेत ये 1140 करोड़ रुपये बताई थी.
4 करोड़ के शेयर, सोना भी करोड़ों का
सबसे अमीर नेताओं में शामिल डीके शिवकुमार के पास चल संपत्तियों की बात करें, तो उन्होंने शेयर बाजार में भी करोड़ों का निवेश किया है. यूनियन बैंक से लेकर बैंक ऑफ बड़ोदा तक, कौस्तुभा प्रोजेक्ट्स से लेकर वीक्रॉस डेवपलर्स तक के शेयरों में उन्होंने पत्नी समेत 4.20 करोड़ रुपये लगाए हैं. इसके अलावा उनके पास करीब 9 करोड़ रुपये की एफडी हैं.
सोना-चांदी और डायमंड समेत अन्य कीमती सामानों में उनके पास Rolex और Hublot जैसी घड़ियां हैं, जिनकी कीमत लाखों में है. डीके शिवकुमार और उनकी पत्नी व बच्चों के पास मौजूद ज्वेलरी की कुल कीमत 3.28 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी.
शिवकुमार की अचल संपत्ति बेशुमार
अब बात करें, डीके शिवकुमार की अचल संपत्ति के बारे में, तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके व पत्नी के नाम पर 30 करोड़ रुपये की एग्रीकल्चर लैंड दर्ज है. इसके अलावा 84 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के कई घर और फ्लैट हैं, जो दिल्ली से बेंगलुरु तक में हैं.
कमर्शियल प्रॉपर्टीज की बात करें, तो DK Shivakumar के नाम पर Global Mall है, जिसकी कीमत करीब 900 करोड़ रुपये है. इसके अलावा उनके व परिवार के नाम पर करोड़ों रुपये दुकानें समेत अन्य संपत्तियां भी हैं.