जून महीने के दौरान सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली है. हर दिन इसके दाम टूट रहे हैं, जिस कारण सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहा है. कमोडिटी मार्केट में आज भी इन धातुओं की कीमत गिरी हुई है. सोना 1200 रुपये टूटा है, जबकि चांदी के दाम में करीब 1500 रुपये की गिरावट आई है.
सुबह 11 बजे MCX पर गोल्ड प्राइस की बात करें तो 5 अगस्त फ्यूचर वाले सोने की कीमत 1300 रुपये या 0.92% गिरकर 1,41,099 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है. वहीं 4 सितंबर फ्यूचर वाली चांदी की कीमत 1500 रुपये गिरकर 2,20,247 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी.
जून में कितनी गिरी सोने-चांदी की कीमत
सिर्फ जून की बात करें तो सोने और चांदी की कीमत में इस महीने भारी गिरावट देखने को मिली है. जून महीने के दौरान चांदी के दाम 54,400 रुपये या करीब 20 फीसदी गिर चुकी है. वहीं सोने की कीमत जून के दौरान 20,000 रुपये या 12.5 फीसदी गिर चुका है.
10 दिन में कितनी घटी चांदी की कीमत
19 जून को चांदी की कीमत कमोडिटी मार्केट में 2.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी, लेकिन आज इसकी कीमत घटकर 2.21 लाख रुपये आ चुकी है. यानी कि चांदी की कीमत में 10 दिनों के दौरान 18,000 रुपये गिरी है. जबकि पिछले 5 दिन में इसमें 9000 रुपये तक की गिरावट आई है.
10 दिन में सोने की कीमत
19 जून को सोने की कीमत 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब 6000 रुपये टूटकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है. वहीं पिछले पांच दिनों के दौरान देखें तो सोने की कीमत में 2000 रुपये प्रति 10 ग्राम की कटौती हुई है.
इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी के भाव
ग्लोबल स्तर पर भी सोने-चांदी के भाव में गिरावट देखी जा रही है. इंटरनेशनल स्तर पर सोने की कीमत 1 फीसदी से ज्यादा टूटकर 3,996.05 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. वहीं चांदी की कीमत 1.37 फीसदी गिरकर 57.83 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है.