पटना से ही बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पटना सिटी के गोपालपुर थाना क्षेत्र के मानपुर बैरिया में दिनदहाड़े एक सेवानिवृत्त आर्मी मैन की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक मृतक 45 वर्षीय तेज नंदन राय अपने जमीन के बाउंड्री निर्माण के लिए पहुंचे थे. इस दौरान जमीन विवाद को लेकर युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और सीधे गोली मार दी.
आनन-फानन में शख्स को पटना के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है.
घटना ने सवाल उठाया है कि क्या बिहार में आम आदमी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं. जमीन विवाद जैसे मामूली झगड़े भी अब सीधे जीवन और मौत के मामलों में बदल रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बिहार: रोहतास में एक के बाद एक 5 लोगों ने तोड़ा दम, जहरीली शराब से मौत की आशंका
इस बारे में पुलिस अधिकारी ने बताया, 'यह घटना गोपालपुर थाने में हुई है. एक घटना घटित हुई है जहां पर तेज राय की कुछ अपराधियों के द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था परंतु उन्हें बचाया नहीं जा सका. उसमें से कुछ अपराधियों की पहचान भी हुई है. बताया जा रहा है की यहां पर एक प्लॉट है जिसे उन्होंने 2005 में खरीदा था. हत्या करने वाला उन्हीं का रिश्तेदार है. अब जांच कर रहे हैं और बहुत जल्द अन्य गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अभी तक निकल कर आया है की मल्टीपल राउंड फायरिंग की गई है. एक्जेक्टली कितनी गोलियां लगी है अभी अभी पता नहीं चल पाया है.'