बिहार के कटिहार में भीषण गर्मी के बीच एक बड़ा हादसा होते होते टल गया. यहां शहर के शहीद चौक ओवरब्रिज पर चलती बाइक आग का गोला बन गई. आग लगने के बाद बाइक सड़क के बीचो-बीच धू-धूकर जलने लगी. बाइक पर सवार दो युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई.
यह घटना कटिहार शहर के शहीद चौक के पास स्थित ओवरब्रिज पर हुई. यहां इकलाख आलम नाम का व्यक्ति अपने साथी शाहनवाज आलम के साथ बाइक से जा रहा था. जब ये लोग शहीद चौक के पास पहुंचे, तभी बाइक के इंजन के पास अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं उठने लगा. देखते ही देखते बाइक में आग लग गई.
चलती बाइक में आग लगते देख दोनों युवक घबरा गए और बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. इसके बाद बाइक में आग की लपटें उठने लगीं. सड़क पर जलती बाइक देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस दौरान ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह भी पढ़ें: गुजरात में दर्दनाक हादसा... पुल से गिरकर कार में लगी आग, 2 महिला शिक्षकों समेत 3 की जिंदा जलकर मौत
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक को कंट्रोल किया और स्थिति को सामान्य किया.
पीड़ित बाइक सवार इकलाख आलम और उसके साथी का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण बाइक में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी वजह से बाइक में आग लग गई. वहीं पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई चपेट में नहीं आया. वहीं घटना के दौरान मौजूद लोग जलती बाइक का वीडियो बनाने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग बर्निंग बाइक कह रहे हैं.