scorecardresearch
 

'देखो गाइज, पुल में दरार आ गई है...', बोलते- बोलते उसी दरार में गिर गया युवक का मोबाइल, VIDEO

गोपालगंज में पुल के स्पैन में आई दरार को दिखाने के लिए वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल उसी गैप में गिर गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करोड़ों रुपये की लागत से बने इस पुल में सामने आई तकनीकी खामी ने निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
X
दरार में गिर गया युवक का मोबाइल (Photo: itg)
दरार में गिर गया युवक का मोबाइल (Photo: itg)

बिहार के गोपालगंज जिले में जादोपुर-मंगलपुर पुल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक पुल के स्पैन में आई दरार को दिखाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान उसका मोबाइल फोन गैप में गिर गया. घटना का वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

प्रशासन को जगाने में हो गई गड़बड़

जानकारी के अनुसार, युवक पुल में आई तकनीकी खामी और संभावित खतरे को उजागर करना चाहता था. इसके लिए वह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था. वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कहता है - देखिए गाइज...पुल में खतरनाक दरार आ गई है. वह एक ईंट की मदद से पुल के हिस्से में बने गैप को दिखा रहा है. इसी दौरान उसका मोबाइल पॉकेट से फिसलकर दरार के भीतर जा गिरता है.

दरार में जा गिरा मोबाइल

हालांकि, बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मोबाइल फोन पुल के नीचे से बरामद कर लिया गया. राहत की बात यह रही कि फोन मिल गया, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. अब लोग मोबाइल गिरने की घटना के साथ-साथ पुल की स्थिति पर भी सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के स्पैन में दिखाई दे रही दरार को लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी है. वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पुल की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है. लोगों का मानना है कि इस तरह की तकनीकी खामियों की समय रहते जांच और मरम्मत होनी चाहिए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.

549 करोड़ की लागत से बना था पुल

गौरतलब है कि गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल का निर्माण लगभग 549 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था. मार्च 2016 में इसका निर्माण कार्य पूरा हुआ था और उसी वर्ष इसका उद्घाटन किया गया था. यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए एक अहम संपर्क मार्ग माना जाता है.

करीब एक दशक के भीतर पुल में तकनीकी खराबी की खबरें सामने आने से निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि संबंधित विभाग की ओर से अभी तक इस वायरल वीडियो और पुल में दिखाई दे रही दरार को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल मोबाइल गिरने का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोग पुल की तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement