महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक नाबालिग बाइक चालक की लापरवाही ने आठ साल के मासूम को गंभीर रूप से घायल कर दिया. भद्रावती शहर के नागसेन नगर इलाके में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल से जा रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा. हादसे का पूरा मंजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
घायल बच्चे की पहचान आठ वर्षीय प्रियांशु देसाई के रूप में हुई है. वह ट्यूशन खत्म होने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि बाइक चलाने वाला युवक महज 17 साल का नाबालिग था.
हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर नाबालिगों के वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में प्रियांशु की जान बच गई. घटना की सूचना मिलते ही भद्रावती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
देखें वीडियो...
CCTV में कैद हुआ हादसा
सीसीटीवी फुटेज में बाइक की टक्कर से बच्चा उछलकर सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है. हादसे के बाद इलाके के नागरिकों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने नागसेन नगर परिसर में वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है.
इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों के हाथों में वाहन देने के खतरों को उजागर कर दिया है. कम उम्र में बाइक चलाने की लापरवाही सिर्फ चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है.
अभिभावकों के लिए भी सबक, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे से अभिभावकों और वाहन चालकों को सबक लेने की जरूरत है. नाबालिग बच्चों को बाइक या कोई अन्य वाहन चलाने की अनुमति देना उनके साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है. सड़क पर वाहन चलाते समय रफ्तार नियंत्रित रखना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है.
याद रखिए, सड़क पर रफ्तार से ज्यादा जरूरी जिंदगी है. थोड़ी सी लापरवाही किसी मासूम की जान पर भारी पड़ सकती है. इसलिए वाहन सावधानी से चलाएं और नाबालिग बच्चों को ड्राइविंग की अनुमति बिल्कुल न दें.