बिहार के कटिहार में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए. यह हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के गेराबाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ, जहां बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई. पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन में सवार 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं. सभी लोग आदिवासी समुदाय से थे और झारखंड से अपने घर लौट रहे थे.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया.
कटिहार पुलिस ने बताया कि हादसे में करीब 25-30 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है.
घटना के बाद कटिहार पुलिस का बयान आया. पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेराबारी के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक बस और एक पिकअप वाहन शामिल थे. इस घटना में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है. दुर्घटना में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद, बेहतर इलाज के लिए आस-पास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है.
CM नीतीश ने जताया शोक
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु दुःखद. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है. मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि दी जाएगी. वरीय अधिकारियों द्वारा घटनास्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है. घायलों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है.
2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया. उन्होंने कहा, 'बिहार के कटिहार में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ हों. PMNRF से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.'
तेजस्वी यादव ने जताया दुख
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा, 'कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है. इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता तथा अविलंब घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध करें. ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.'