भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में मृत भरत तिवारी की तेरहवीं बुधवार को उनके पैतृक आवास पर आयोजित होगी. कार्यक्रम को लेकर गांव में व्यापक तैयारियां चल रही हैं. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है.
10 हजार से अधिक लोगों के शमिल होने का अनुमान
मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी ने बताया कि तेरहवीं में करीब 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है. हालांकि उन्होंने कहा कि आने वाले लोगों की वास्तविक संख्या बताना मुश्किल है, क्योंकि बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा समेत कई राज्यों से भी लोग कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना दे रहे हैं.
कई तरह के व्यंजन शामिल
तेरहवीं के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी, सब्जी, रसगुल्ला सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की जा रही है. बड़ी संख्या में लोगों के भोजन की तैयारी के लिए गांव के लोग सामूहिक रूप से जुटे हुए हैं, जबकि कई सामाजिक संगठन और समर्थक भी सहयोग कर रहे हैं.
लोग कर रहे सहयोग
परिजनों के अनुसार उद्योगपति अजय सिंह ने ट्रक भरकर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई है. वहीं बक्सर की एक दिव्यांग समिति ने भी आटा, मैदा सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेजकर सहयोग किया है. इसके अलावा कई शुभचिंतक भी अपनी क्षमता के अनुसार आयोजन में योगदान दे रहे हैं.
भरत के पिता काशीनाथ तिवारी सहित अन्य परिवार जनों का कहना है कि दूर-दराज से आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धांजलि सभा और तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. गांव में तैयारियों को लेकर लगातार चहल-पहल बनी हुई है और स्थानीय लोग भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं.