
Triumph 350 Bike Launch: ब्रिटिश मोटरसाइकिल कंपनी ट्रायम्फ ने आज भारतीय बाजार में अपनी सबसे किफायती 350 सीसी बाइक रेंज को आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च किया है. 350 सीसी इंजन के साथ मिड-साइज़ सेगमेंट में आने वाली इन बाइक्स का नाम अभी भी 400 सीरीज ही रखा गया है. जीएसटी नियमों में बदलाव के बाद उठाया गया यह कदम सीधे तौर पर ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाले बोझ को कम करेगा, क्योंकि अब ये बाइक्स पहले से सस्ती हो गई हैं.
दरअसल, सरकार के नए जीएसटी नियम के तहत 350 सीसी से ज्यादा इंजन वाली दोपहिया गाड़ियों पर 40 प्रतिशत टैक्स लागू हो गया. इस फैसले से कंपनियों के लिए हैवी इंजन वाली बाइक्स की कीमतों को कम रखना मुश्किल हो गया था. इसी चुनौती से निपटने के लिए Triumph ने अपनी 400 सीरीज के इंजन को घटाकर 350 सीसी कर दिया. इससे बाइक्स कम टैक्स स्लैब में आ गईं और कंपनी को कीमत कम करने का मौका मिल गया. बता दें कि, 350 सीसी से कम इंजन क्षमता वाली बाइक्स 18% स्लैब में आती हैं.
ट्रायम्फ के इस नए 350 सीरीज के लॉन्च के बाद पिछले मॉडल के मुकाबले कीमतों में भारी कटौती देखने को मिली है. दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमतों की बात करें तो Speed T4 अब 1,95,000 रुपये में मिल रही है. Speed 400 की कीमत 2,31,890 रुपये हो गई है. Scrambler 400 की कीमत 2,59,241 रुपये तय की गई है. Thruxton 400 अब 2,65,538 रुपये में उपलब्ध है. वहीं Scrambler 400 XC की कीमत 2,89,534 रुपये रखी गई है.
| मॉडल | कीमत (एक्स-शोरूम) |
| Speed T4 | 1,95,000 रुपये |
| Speed 400 | 2,31,890 रुपये |
| Scrambler 400 | 2,59,241 रुपये |
| Thruxton 400 | 2,65,538 रुपये |
| Scrambler 400 XC | 2,89,534 रुपये |
नई रेंज में सबसे बड़ा बदलाव इंजन का है. अब इन बाइक्स में 350 सीसी का इंजन दिया गया है, जिसे पुराने इंजन बोर और स्ट्रोक्स में बदलाव करते हुए थोड़ा छोटा किया गया है. इससे इंजन के पावर आउटपुट में भी कमी आई है, हालांकि कंपनी का कहना है कि राइडर को बाइक के परफॉर्मेंस में कोई ज्यादा कमी महसूस नहीं होगी.

Triumph Speed 400 और Scrambler 400X में दिया गया इंजन अब 36.50 बीएचपी की पावर और 32 एनएम टॉर्क जेनरेट करता है. यह पहले के मुकाबले करीब 3 बीएचपी और 3.5 एनएम कम है. वहीं Speed T4 का इंजन 29 बीएचपी पावर और 31 एनएम टॉर्क जेनरेट करता है, जो पहले से थोड़ा कम है. ट्रायम्फ का कहना है कि पावर कम होने के बावजूद बाइक का असली कैरेक्टर और राइडिंग फील बरकरार रखा गया है.
इंजन छोटा होने का असर परफॉर्मेंस पर भी दिखता है. Speed 400 पहले 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार करीब 7.4 सेकंड में पकड़ लेती थी. अब नई 350 सीरीज को यही स्पीड पाने में लगभग 8.1 सेकंड लगते हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि टॉप स्पीड और 0 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार में ज्यादा फर्क नहीं आया है. यानी शहर और डेली राइडिंग में आपको ज्यादा अंतर महसूस नहीं होगा.
कंपनी ने इसी के साथ भारत में Tracker 400 नाम का नया मॉडल भी पेश किया है. दिलचस्प बात यह है कि इंटरनेशनल मॉडल के मुकाबले भारत में इसे छोटे 350 सीसी प्लेटफॉर्म पर लाया गया है. यह बाइक Thruxton 400 के साथ सबसे ज्यादा पावरफुल ट्यून में आती है, जिसका इंजन 40 एचपी की पावर और 32 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है.
इंजन में बदलाव के अलावा बाकी बाइक में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. इसमें पहले जैसा ही फ्रेम, सस्पेंशन, ब्रेक और व्हील्स दिए गए हैं. इसका मतलब है कि राइडिंग स्टेबिलिटी, हैंडलिंग और ओवरऑल बिल्ड क्वालिटी पहले जैसी ही बनी रहेगी. भारत जैसे बाजार में प्राइस एक बड़ा फैक्टर होती है, ऐसे में Triumph की यह रणनीति काफी हद तक सफल हो सकती है. खासकर उन ग्राहकों के लिए जो कम खर्च में प्रीमियम ब्रांड का मजा लेना चाहते हैं. कंपनी का कहना है कि, भारत की सड़कों पर अब 1 लाख से ज्यादा Triumph बाइक्स दौड़ रही हैं.